विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार तड़के चार बजे केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान अपने परिवार के साथ भस्म आरती में शामिल होने पहुंचे। चिराग ने नंदी हॉल में करीब दो घंटे तक बैठकर आरती के दौरान भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। चिराग पासवान भस्म आरती के दौरान भगवान शिव का जाप करते नजर आए। आरती के बाद उन्होंने बाबा महाकाल की देहरी पर भगवान का आशीर्वाद लिया। इस दौरान पुजारी महेश शर्मा ने उन्हें तिलक लगाकर हार-फूल की माला अर्पित की और विधि-विधान से पूजन संपन्न करवाया। महाकाल मंदिर समिति की ओर से चिराग पासवान को दुपट्टा अर्पित कर सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर चिराग ने महाकाल मंदिर की व्यवस्थाओं की तारीफ करते हुए कहा कि सभी को एक बार भस्म आरती में जरूर शामिल होना चाहिए। उन्होंने कहा, “आज भस्म आरती में शामिल होकर मैं अपने आपको सौभाग्यशाली मानता हूं, जो भगवान महाकाल का आशीर्वाद मुझे प्राप्त हुआ है।” चिराग ने कहा, “भगवान ने मुझे इतना कुछ दिया, जबकि एक समय ऐसा भी था जब मुझसे सब कुछ छिन गया था। बाबा महाकाल के आशीर्वाद से ही मैं आज यहां तक पहुंचा हूं। मैं अपनी मां, बहन, जीजाजी, भांजे-भांजी और अन्य रिश्तेदारों के साथ महाकाल का आशीर्वाद लेने आया हूं। मैं यह संकल्प लेकर जा रहा हूं कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा भारत को विकसित देश बनाने के जो प्रयास किए जा रहे हैं, उसमें हम सभी मिलकर सहयोग करेंगे और बाबा महाकाल से इस संकल्प की सफलता की कामना करता हूं।” महाकाल मंदिर के दर्शन के बाद चिराग पासवान का नलखेड़ा स्थित बगलामुखी मंदिर में दर्शन करने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। हालांकि, चिराग मंगलवार रात को उज्जैन आने वाले थे। Post navigation छिंदवाड़ा में 30 अप्रैल को मुख्यमंत्री कन्या विवाह:ऑफलाइन पंजीयन 15 दिन पहले तक और ऑनलाइन 7 दिन पहले तक करवा सकते हैं वर-वधू बुधवार भस्म आरती दर्शन:भगवान महाकाल को चन्दन त्रिनेत्र भांग आभूषण अर्पित कर राजा स्वरूप श्रृंगार