सतना के मेयर योगेश ताम्रकार पर बकाया प्रॉपर्टी टैक्स के मामले में नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। विभाग के उप सचिव आर के कार्तिकेय का पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, मेयर की विंध्या सेरेमिक्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री पर लगभग साढ़े 65 लाख रुपए का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। यह फैक्ट्री शहर के इंडस्ट्रियल एरिया में भवन क्रमांक 511 में स्थित है। नगर निगम ने 26 मार्च 2016 को मेयर समेत 30 भवन स्वामियों को नोटिस जारी किया था। उस समय मेयर की फैक्ट्री पर 21 लाख 60 हजार 725 रुपए टैक्स बकाया था। इस नोटिस के खिलाफ मेयर और अन्य बकायादारों ने प्रथम अपर जिला न्यायाधीश के यहां याचिका दायर की। न्यायालय ने 2011 के बाद का संपत्तिकर जमा करने का आदेश दिया। साथ ही 1997 से 2011 तक पुनरीक्षण की राहत दी। मेयर इस आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट गए, जहां से स्टे मिल गया। हालांकि, मेयर ने 28 मई 2024 को अपनी याचिका वापस ले ली। पूर्व संचालक जिला केंद्रीय सहकारी बैंक प्रकाशचंद्र गुप्ता की शिकायत पर शासन ने कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त से जांच रिपोर्ट मांगी है।