मंडीदीप में जनवरी माह में आयोजित विराट 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ की समीक्षा बैठक रविवार को संपन्न हुई। समीक्षा गोष्ठी में महायज्ञ समिति के अर्थ व्यवस्था प्रभारी यतीश गुप्ता ने आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। संयोजक धीरज मनी ने मंडीदीप के सामाजिक संगठनों, नगर पालिका और प्रशासनिक अधिकारियों के योगदान की सराहना की। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले करीब 500 कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों और कार्यकर्ताओं को स्मृति चिन्ह और प्रोत्साहन प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगर के पूर्व अध्यक्ष विपिन भार्गव, आरएसएस के नरेंद्र मैथिल, पार्षद प्रार्थना चौहान समेत भोपाल गायत्री पीठ, प्रज्ञापीठ बरखेड़ा और विभिन्न चेतना केंद्रों से करीब 500 कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिनिधि जगदीश कुलमी सपत्नीक, मध्य प्रदेश जोनल समन्वयक राजेश पटेल और उपजोन समन्वयक हजारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि 13 से 16 जनवरी के बीच आयोजित इस महायज्ञ की सफलता की चर्चा मंडीदीप और आसपास के क्षेत्र में व्यापक रूप से हो रही है। अखिल विश्व गायत्री परिवार के रायसेन और भोपाल जिले के कार्यकर्ताओं ने तन, मन और धन से इस आयोजन को सफल बनाया।