देवास में रविवार को खाटू श्याम बाबा की भव्य निशान यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा एमजी रोड स्थित खेड़ापति मंदिर से शुरू हुई। यह मुखर्जी नगर स्थित खाटू श्याम मंदिर तक पहुंची। श्री श्याम सरकार परिवार द्वारा आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। श्याम भक्तों ने अपने हाथों में निशान लेकर यात्रा में भाग लिया। फाल्गुन माह में लगता है मेला भक्तों ने बताया कि वे कई वर्षों से खाटू श्याम जी की निशान यात्रा निकाल रहे हैं। फाल्गुन माह में निकाली जाने वाली यह यात्रा विशेष महत्व रखती है। माना जाता है कि इससे देश में सुख-समृद्धि बनी रहती है। इसी माह राजस्थान के सीकर में स्थित खाटू श्याम मंदिर में फाल्गुन मेला लगता है। जो लोग सीकर नहीं जा पाते, उनके लिए स्थानीय स्तर पर यह यात्रा निकाली जाती है। यात्रा के समापन पर खाटू श्याम मंदिर में भंडारे का महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।