कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय मिल क्षेत्र में एक विशेष स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता डॉ. विजय प्रधान की स्मृति में लायंस क्लब ऑफ इंदौर शाश्वत के सहयोग से आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कुल 63 आंगनबाड़ी के बच्चों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में डॉक्टर एन शारडा, लायंस क्लब अध्यक्ष अंशु दुबे, लायन शोभा दुबे और परियोजना अधिकारी पल्लवी लिलोतिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। डॉ. एस. वझे, समाजसेवी संजय प्रधान, अनिल दुबे और विजय जैन भी कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रतियोगिता के विजेताओं में बेबी रूहानी, अनंता, इवान, प्रियांशी और युवान को ट्राइसिकल और टिफिन देकर पुरस्कृत किया गया। सभी प्रतिभागी बच्चों को टोकन गिफ्ट और पोषण आहार दिया गया। डॉ. सुप्रीति डोंगरे और डॉ. तालिब हुसैन सैफी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में डॉ. अल्पना शर्मा, कविंद्र होलकर, निसरीन हुसैन, रवि चौहान, सदाशिव प्रजापति, बीना पुरोहित और मधु फिलिप्स सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान माताओं की गोद में बैठे छोटे बच्चों की मुस्कान और किलकारियां वातावरण को खुशनुमा बना रही थीं। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप जोशी ने किया। सहायक संचालक डॉ. अनिल भदौरिया ने आभार माना।