अशोकनगर के विधि महाविद्यालय की एक छात्रा के साथ पति द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। लॉ प्रथम वर्ष की छात्रा मालती साहू के साथ 28 फरवरी को यह घटना हुई। छात्रा लंबे समय से पति की प्रताड़ना का शिकार हो रही है। इस मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) गजेंद्र सिंह कंवर को ज्ञापन दिया। पुलिस ने घटना के दिन ही आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। ABVP के सदस्यों ने बताया कि पीड़ित छात्रा ने इससे पहले भी कई बार थाने में शिकायत की थी। छात्र संगठन ने पीड़िता की सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रशासन को तीन दिन का समय दिया है। सदस्यों का कहना है कि यदि इस अवधि में मामले का समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। इसकी सारी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।