मऊगंज जिले में अवैध खनन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हनुमना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गोपला ग्राम पंचायत की सरपंच फुलवती पटेल ने 2 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। सरपंच ने बताया कि 26 फरवरी को सुशील पटेल, उर्मिला पटेल, कमलेश यादव और अशोक यादव ने उनके और उनके पति के साथ मारपीट की। आरोपियों ने तलवार दिखाकर धमकी दी। इसके बाद शासकीय पत्थर की फर्शी को अपने वाहन में लादकर ले गए। एसडीएम मऊगंज की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। मुख्य आरोपी सुशील पटेल ने गोपाला गांव की खसरा नंबर 601/01 में अवैध खनन किया था। उसने 8550 घन मीटर क्षेत्र में खुदाई की। मौके से 4000 घन मीटर मलबा, 16 घन मीटर फर्शी पत्थर और 16 घन मीटर बोल्डर बरामद हुआ। जांच में यह भी पता चला कि सुशील पटेल पिछले कुछ सालों में 4518 घन मीटर पत्थर की चोरी कर चुका है। थाना प्रभारी अनिल काकडे के नेतृत्व में पुलिस ने 4 मार्च को सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए दो वाहन भी जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ खान खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।