श्यामपुर में मंगलवार को सामाजिक न्याय विभाग और ब्रह्माकुमारी विजयपुर के संयुक्त तत्वावधान में नशामुक्त भारत अभियान का आयोजन किया गया। नशा मुक्ति अभियान प्रभारी बीके शशि बहन ने श्यामपुर तिराहे पर कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान नशा मुक्ति अभियान रथ पर लगी चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। बीके प्रकाश भाई ने कहा कि नशे की आदत धीरे-धीरे व्यक्ति की लत बन जाती है। नशे की लत लगने के बाद व्यक्ति को नशा न मिलने पर वह बेचैन हो जाता है। इससे गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। इन बीमारियों का इलाज बहुत महंगा होता है। मेहनत से कमाया पैसा इलाज में खर्च हो जाता है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि हमें सिर्फ सात्विक, शुद्ध और शाकाहारी भोजन का सेवन करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान गोपाल जी मंदिर में छात्र-छात्राओं को स्वस्थ दिनचर्या की जानकारी दी गई। इसके बाद नशा मुक्ति के नारे लगाए गए। अभियान को झोपड़ी गांव तक भी विस्तारित किया गया, जहां नशामुक्त जीवन के बारे में जागरूकता फैलाई गई।