रतलाम जिले के बाजना तहसील के पटवारी सुनील भगोरा को कार्य में लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की कार्रवाई सैलाना एसडीएम मनीष जैन ने की है। जारी निलंबन आदेश में बताया कि कलेक्टर द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर प्राप्त मौखिक निर्देश एवं बाजना तहसीलदार से प्राप्त प्रतिवेदन अनुसार पटवारी सुनील भगोरा द्वारा शासकीय कार्यों में निरंतर लापरवाही बरती जा रही है। कलेक्टर के निर्देश के बावजूद पटवारी भगोरा ने वेटलैंड की प्रगति एवं सीमांकन संबंधी कार्रवाई पूर्ण नहीं की। राजस्व महाभियान 3.0 में भी पटवारी द्वारा आधार से ROR खसरे की लिंकिंग के कार्य में लापरवाही की। इससे तहसील बाजना की राजस्व महाभियान अंतर्गत कार्य प्रगति प्रभावित हो रही है। कार्रवाई के पहले दिया नोटिसु
कार्य में लापरवाही बरतने पर पूर्व में पटवारी को एसडीएम कार्यालय द्वारा नोटिस भी जारी किया, लेकिन उन्होंने इसका जवाब नहीं दिया। पटवारी भगोरा के पास राजस्व निरीक्षक बाजना का भी प्रभार है। इसके बावजूद सीमांकन कार्य भी समयावधि में पूर्ण नहीं किए। एसडीएम ने माना है कि पटवारी भगौरा द्वारा अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं किया। पदेन कर्तव्यों का पालन भी नहीं किया। जो मप्र सिविल आचरण नियम 1965 के नियम 3 का स्पष्ट उल्लंघन है। शासन की महत्वपूर्ण योजना एवं शासकीय कार्यों में की गई लापरवाही के कारण मप्र सिविल सेवा आचरण नियम 1966 के नियम 9 (1) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।