बॉलीवुड रैपर यो यो हनी सिंह के खिलाफ पंजाब सरकार और प्रशासन को आगामी फिल्मफेयर पंजाब कार्यक्रम में उन्हें अश्लीलता, शराब, नशा और हथियार बढ़ावा देने वाले गानों को गाने की अनुमति न देने की शिकायत दी गई है। यह कार्यक्रम 23 अगस्त 2025 को आईएस बिंद्रा स्टेडियम, मोहाली में होने वाला है, जिसमें हनी सिंह के अलावा कई बड़े पंजाबी गायक और अभिनेता शामिल होंगे। पंजाब के समाजसेवी और जनहित याचिकाकर्ता डॉ. पंडितराव धरेनवर ने पत्र में कहा कि आयोजकों से 20 अगस्त तक हलफनामा लिया जाए कि मंच पर ऐसे कोई गाने नहीं बजेंगे जो समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालते हों। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन इस दिशा में कदम नहीं उठाता, तो वह अदालत में अवमानना याचिका दायर करेंगे। डॉ. धरेनवर ने पंजाब महिला आयोग के नोटिस का हवाला देते हुए बताया कि हनी सिंह को पहले भी आयोग ने नोटिस भेजा था। उनके गीत “मिलिनेअर” में महिलाओं का अपमान किया गया था, लेकिन हनी सिंह अब तक आयोग के सामने पेश नहीं हुए। ऐसे गाने महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं और समाज में गलत संदेश फैलाते हैं। नशे और अश्लीलता को बढ़ावा देने वाले गीतों पर आपत्ति डॉ. धरेनवर का कहना है कि हनी सिंह के कई गाने जैसे- चार बोतल वोडका, मनाली ट्रांस, ब्रेकअप पार्टी, वन बोटल डाउन, मैं शराबी, मैनियाक, मखाना और मिलिनेअर में शराबखोरी, नशे और अश्लीलता दिखाई गई है। ऐसे गाने नौजवानों को गलत राह पर ले जाते हैं और समाज में अपराध एवं नशाखोरी को बढ़ावा देते हैं। डॉ. धरेनवर ने अपने पत्र में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के उस फैसले का हवाला दिया है, जिसमें उनकी ही जनहित याचिका पर आदेश जारी किए गए थे। कोर्ट ने स्पष्ट कहा था कि शराब, नशा और हिंसा को प्रोत्साहित करने वाले गानों का बच्चों और युवाओं की सोच पर नकारात्मक असर पड़ता है। साथ ही, कोर्ट ने यह भी निर्देश दिया था कि पंजाब, हरियाणा और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के पुलिस महानिदेशक यह सुनिश्चित करें कि किसी भी लाइव शो में ऐसे गीत न गाए जाएं। कार्यक्रम आयोजकों से हलफनामा मांगे जिला प्रशासन डॉ. धरेनवर ने प्रशासन से कहा है कि कार्यक्रम आयोजकों से यह लिखित हलफनामा लिया जाए कि मंच पर कोई भी ऐसा गीत प्रस्तुत नहीं होगा जिसमें नशा, शराब, हथियारों की हिंसा या अश्लीलता का प्रचार किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इस हलफनामे के प्रति उन्हें भी दी जाए ताकि भविष्य में यदि किसी आदेश की अवमानना होती है तो कानूनी कार्यवाही की जा सके। Post navigation न्यूयॉर्क में दिलजीत दोसांझ फैंस से मिले:अमेरिकी अधिकारी अनाउंसमेंट कर बोले- पंजाबी आ गए ओए, हाथ माथे पर लगा धन्यवाद किया जन्माष्टमी में भारत माता की जय बोलकर ट्रोल हुईं जान्हवी:एक्ट्रेस ने भड़ककर कहा- नहीं बोलती तो प्रॉब्लम, बोला तो मीम मटेरियल बना दिया, रोज बोलूंगी