खैरहा थाना क्षेत्र के चौराडीह गांव में मंगलवार को एक वैवाहिक कार्यक्रम से चोरी हुई बाइक को पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में मंगलवार को एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है।घटना 24 जनवरी की है। दरअसल, दुर्गा प्रसाद लोधी के परिवार में आयोजित शादी समारोह में एक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल से पहुंचा था। उसने बाइक को पंडाल के बाहर खड़ा किया था। जब वह कार्यक्रम से लौटा तो बाइक गायब थी। पीड़ित ने उसी रात थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने जांच के दौरान थाना क्षेत्र के निगरानीशुदा बदमाश अनिल उर्फ बंटी ढीमर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बाइक को जंगल में छिपा रखा था। वह रात के समय इस बाइक से घूमता था। थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि आरोपी पहले भी बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। आरोपी को डर था कि घर में बाइक रखने से पुलिस पकड़ लेगी, इस वजह से उसने जंगल में छिपाई। इस कार्रवाई में आरक्षक सतीश चौरसिया, मॉरिस और अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है।