पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुलिस वाले बयान के बाद छिंदवाड़ा की राजनीति में उबाल आ गया है। दरअसल, हर्रई में जनसभा को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने पुलिस विभाग पर सवाल खड़े किए थे। इसी के जवाब में छिंदवाड़ा सासंद विवेक बंटी साहू ने अपने बयान पर कहा कि जनता ने अभी आपकी धुलाई कर दी है, यदि पुलिस और वर्दी ने आपकी धुलाई कर दी तो आप कहां जाएंगे। छिंदवाड़ा कांग्रेस ने इस बयान पर एतराज दर्ज किया है। वहीं प्रदर्शन कर एसपी के नाम ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस के इस प्रदर्शन के दौरान दोपहर डेढ़ बजे कांग्रेस कार्यालय से समस्त कांग्रेसियों ने प्रदर्शन रैली निकाली। इस दौरान सातों विधानसभा से विधायक सहित युवक कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल रहे। कांग्रेस भवन से रैली लेकर कंट्रोल रूम तक निकाली गई। जहां कांग्रेस ने जगह-जगह रुककर भाषण भी दिए। इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष सोनू मांगो में कहा- सांसद विवेक बंटी साहू द्वारा जो बयान दिया गया वह निंदनीय है। कांग्रेस पार्टी ने भारत को अंग्रेजों से मुक्त कराया है। फिर भाजपा किस खेत की मूली है। अगर भाजपा की इस तरह की गुंडागर्दी चलते रहेगी तो हम इस लड़ाई में ईंट से ईंट बजा देंगे।” पुतला फूंककर किया प्रदर्शन कांग्रेस के इस प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस द्वारा बंटी साहू का पुतला भी फूंका गया। इस दौरान सासंद विवेक बंटी साहू के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। वहीं इस प्रदर्शन के बीच कांग्रेस ने बंटी साहू से माफी मांगने की मांग की है। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में कांग्रेस के इस प्रदर्शन में जिलेभर से विधायक-प्रवक्ता सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला अध्यक्ष बोले- भाजपा का चल रहा गुंडाराज जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा किए गए इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ऑक्टे ने कहा कि कमलनाथ के बयान के बाद सांसद विवेक बंटी साहू द्वारा दिए गए बयान के लिए उन्हें कमलनाथ जी से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा की सरकार में लगातार अवैध कार्य चल रहे हैं। रेत उत्खनन से लेकर जुए सट्टा अपने चरम पर है। छिंदवाड़ा सांसद अपना जिला सही तरीके से चलाने में असमर्थ दिखाई दे रहे हैं। कमलनाथ ने यह कहा था पूर्व मुख्यमंत्री और छिंदवाड़ा विधायक कमलनाथ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में मंच से कहा था- मुझे यहां आकर पता चला है कि हर्रई का प्रशासन और पुलिस बेलगाम है। पुलिसकर्मी और अधिकारी भाजपा का बिल्ला लगाकर काम कर रहे हैं, खासकर यहां के टीआई। कितने दिन आपकी वर्दी रहेगी हम देखेंगे, आगे भी समय आएगा। जो हालात आज हैं, वे हमेशा नहीं रहेंगे। अपनी वर्दी का सम्मान करें और भाजपा के इशारों पर काम नहीं करें। बंटी साहू ने दी प्रतिक्रिया… कमलनाथ के इस बयान के बाद सांसद बंटी विवेक साहू ने तंज कसा- छिंदवाड़ा की जनता ने तो आपकी धुलाई कर ही दी है। यदि वर्दी धुलाई करने लग जाएगी तो समझिए आपका क्या हो। उनके सांसद रहते हुए जिले में माफिया और गुंडाराज रहा। एक समय था जब वर्दी उनकी चौखट पर बंधी रहती थी। समय बदला और उनके घमंड और अभिमान को जनता ने चूर-चूर कर दिया। आज देश प्रदेश में खाकी वर्दी जनता की सेवा में लगी है। जुन्नारदेव पहुंचे विवेक बंटी साहू ने फिर दिया पुलिस वाला बयान एक तरफ कांग्रेस द्वारा सांसद विवेक बंटी साहू के बयान को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ छिंदवाड़ा सांसद अपने बयान पर अड़े हुए हैं। दरअसल, साेमवार को सांसद विवेक बंटी साहू ने जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र में निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। जहां जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने एक बार फिर वहीं बयान दिया। ग्राम पंचायत पाल चोरई में आयोजित इस भूमि पूजन के कार्यक्रम में विवेक ने कांग्रेस की चुटकी भी ली।