सीहोर के कुबेरेश्वरधाम में चल रहे सात दिवसीय रुद्राक्ष महोत्सव में भक्तों की अटूट श्रद्धा देखने को मिल रही है। 75 एकड़ में फैले इस भव्य धाम में 12 ज्योतिर्लिंगों के बीच शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। सच्चा इंसान वही, जो दूसरों का दर्द समझे कथा के पांचवे दिन कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि सच्चा इंसान वही है जो दूसरों के दर्द को समझे। उन्होंने बताया कि शिव का द्वार ही ऐसा है जहां हर तकलीफ का समाधान मिलता है। इसी कारण लाखों श्रद्धालु उन्नति, प्रगति और कुबेर का आशीर्वाद लेने यहां आते हैं। कथा के दौरान पंडाल में भक्तिमय माहौल रहा। श्रद्धालु शिव भजनों में डूबे नजर आए। ‘ओ भोला सब दुख काटो म्हारा’ और ‘लुटा दिया भंडार काशी वाले ने’ जैसे भजनों पर हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालु बोले- शिव की भक्ति से हाे रहा समस्याओं का समाधान मुंबई से आईं एक श्रद्धालु ने बताया कि पहले वह अपनी पीड़ा लेकर ट्रेन से आई थीं। बाबा ने उनकी समस्या का समाधान किया। अब वह रुद्राक्ष महोत्सव में शामिल होने के लिए विमान से आई हैं। एक अन्य केस में, मुंबई के एक परिवार की अटकी बैंक राशि बाबा की कृपा से मिल गई। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से आईं रेखा सोलंकी ने बताया कि उनके पुत्र की किडनी की समस्या शिव जल अर्पण करने के बाद दूर हो गई। ऐसे कई श्रद्धालु हैं जिन्हें शिव की भक्ति से उनकी समस्याओं का समाधान मिला है।