यूपी-होमगार्ड-भर्ती-परीक्षा-का-रिजल्ट-जारी:41,424-पदों-के-लिए-1.07-लाख-अभ्यर्थी-पास,-जिलेवार-बनी-कटऑफ-लिस्ट

यूपी होमगार्ड भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का रिजल्ट रविवार दोपहर जारी कर दिया गया। कुल 41,424 पदों पर भर्ती के लिए ये परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को हुई थी। अब पास कैंडिडेट को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट से गुजरना होगा। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट के लिए पात्र कैंडिडेट की सूची भी जारी कर दी है। इसके साथ ही सभी जिलों की श्रेणीवार कट-ऑफ सूची भी जारी की गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अनुसार, कुल रिक्तियों के मुकाबले लगभग 2.6 गुना कैंडिडेट पास हुए हैं। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट की डेट जल्द जारी होगी कुल 41 हजार 424 पदों के लिए हुई परीक्षा में 19 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। इसमें 1 लाख 07 हजार 221 कैंडिडेट पास हुए हैं। ऐसे में खाली पदों के मुकाबले करीब 2.6 गुना कैंडिडेट को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया गया है। भर्ती बोर्ड के अपर सचिव/परीक्षा नियंत्रक सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट की तिथियां जल्द ही बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर घोषित की जाएंगी। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि भर्ती से जुड़े सभी अपडेट, दिशा-निर्देश और सूचनाओं के लिए केवल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट का ही नियमित रूप से अवलोकन करें। किसी भी तकनीकी त्रुटि की स्थिति में बोर्ड का निर्णय अंतिम और मान्य होगा। ऐसे चेक करें रिजल्ट सिलेक्शन प्रोसेस : शारीरिक मानक परीक्षा में क्या होगा परीक्षा में पास हुए कैंडिडेट्स को शारीरिक मानक परीक्षा (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) से गुजरना होगा। पुरुष कैंडिडेट के लिए सामान्य, एससी और ओबीसी वर्ग में न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर और एसटी वर्ग में 160 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। वहीं महिला कैंडिडेट के लिए सामान्य, एससी और ओबीसी वर्ग में न्यूनतम लंबाई 152 सेंटीमीटर और एसटी वर्ग में 147 सेंटीमीटर तय की गई है। सभी श्रेणी की महिला कैंडिडेट का न्यूनतम वजन 40 किलोग्राम होना अनिवार्य होगा। शारीरिक दक्षता परीक्षा में क्या होगा शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) में पुरुष कैंडिडेट को 28 मिनट में 4.8 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को 16 मिनट में 2.4 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष निर्धारित है, जबकि ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के कैंडिडेट को अधिकतम आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट मिलेगी। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए ये चीजें जरूरी पास कैंडिडेट को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) के लिए तैयार रहना होगा। DV के दौरान कैंडिडेट को शैक्षणिक प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), निवास प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाणपत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार पंजीकरण प्रमाणपत्र, मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी सहित सभी जरूरी डॉक्यूमेंट पेश करने होंगे। इन सब प्रक्रिया से गुजरने के बाद फाइनल मेरिट लिस्ट जारी होगी। चयनित अभ्यर्थियों को 20,200 रुपए प्रतिमाह वेतन के साथ महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), यात्रा भत्ता (TA), मेडिकल सुविधा, पेंशन और बीमा जैसी अन्य सरकारी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। 2011 में हुई थी आखिरी बार भर्ती उत्तर प्रदेश में आखिरी बार होमगार्ड की भर्ती साल 2011 में मायावती के शासनकाल में हुई थी। यह भर्ती जिला स्तर पर हुई थी। इसके बाद से होमगार्ड विभाग में एक भी बड़ी भर्ती नहीं हुई। भाजपा सरकार में 2018 में भर्ती प्रक्रिया शुरू जरूर हुई, लेकिन भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते इसे निरस्त कर दिया गया था। यह भर्ती प्रयागराज में की गई थी। इस मामले में तत्कालीन जिला कमांडेंट को सस्पेंड भी कर दिया गया था। उसके बाद से होमगार्ड की कोई भर्ती नहीं हुई। ————————- ये खबर भी पढ़िए- चंपत राय अयोध्या से हटेंगे, दिल्ली जाना तय:अनिल मिश्रा साइडलाइन होंगे; राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव या CEO बन सकते हैं नृपेंद्र मिश्रा राम मंदिर ट्रस्ट ने आखिरकार 27 जून (शनिवार) को महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे की पुष्टि कर ही दी। करीब 30 घंटे तक ट्रस्ट और विश्व हिंदू परिषद दोनों ही इस्तीफे की खबर को सार्वजनिक करने से बचते रहे। अब 11 जुलाई को अयोध्या के मणिराम दास जी की छावनी में ट्रस्ट की बैठक होगी। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे को स्वीकार कर लिया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर…