राजेश-खन्ना-ने-की-थी-गर्लफ्रेंड-अनीता-से-सीक्रेट-शादी:बोलीं-सिंदूर-लगाकर-कहा-था,-आज-से-तुम-मेरी-जिम्मेदारी-हो;-अंतिम-संस्कार-में-परिवार-ने-की-बदसलूकी

हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना की निजी जिंदगी सबसे ज्यादा चर्चा में तब आई थी, जब अनीता आडवाणी ने उनकी मौत के बाद दावा किया कि राजेश खन्ना ने उनसे शादी की थी। हाल ही में अनीता ने बताया है कि राजेश खन्ना ने उनके लिए सोने के कड़े बनवाए और सिंदूर लगाकर शादी की। उन्होंने ये भी बताया है कि जिस समय राजेश खन्ना को कैंसर डिटेक्ट हुआ, तब उनका परिवार साथ नहीं रहता था, लेकिन वो उनके साथ थीं। इसके बावजूद जब उनका निधन हुआ तो अनीता के साथ अंतिम संस्कार में बुरा सलूक किया गया। राजेश खन्ना की मौत के बाद अनीता ने उनकी प्रॉपर्टी में हिस्सा मांगा था, जो केस आज भी कोर्ट में है। अनीता आडवाणी ने हाल ही में मेरी सहेली को दिए इंटरव्यू में बताया है कि उनकी राजेश खन्ना से पहली मुलाकात कम उम्र में हुई थी। उनके पिता फिल्मों में पैसे लगाया करते थे, जिससे उनकी इंडस्ट्री में अच्छी पहचान थी। बतौर फैन होने वाली मुलाकातों के जरिए उनकी राजेश खन्ना से नजदीकियां बढ़ गई थीं। हालांकि एक छोटे से झगड़े के बाद दोनों अलग हो गए, जिसके बाद राजेश खन्ना ने डिंपल कपाड़िया से शादी कर ली थी। डिंपल से अलग होने के बाद राजेश खन्ना फिर उनकी जिंदगी में आए। 2000 में जब राजेश खन्ना को कैंसर डिटेक्ट हुआ, उस समय अनीता उनके साथ आशीर्वाद बंगले में ही रहती थीं। अनीता ने इंटरव्यू में बताया है कि एक रोज राजेश खन्ना ने उनके लिए कड़े बनवाए और सिंदूर लगाकर उनके साथ घर के ही मंदिर में शादी कर ली और कहा, आज से तुम मेरी जिम्मेदारी हो। अनीता ने ये भी बताया कि राजेश खन्ना का परिवार जानता था कि वो दोनों आशीर्वाद में साथ रहते हैं। राजेश खन्ना की बहनें भी उन्हें खत लिखा करती थीं और वो कई बार राजेश खन्ना के साथ डिंपल कपाड़िया के घर जाती थीं। उस समय उनके डिंपल से अच्छे रिश्ते थे। जब आखिरी समय में राजेश खन्ना को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, तो परिवार ने अनीता को उनसे लीलावती अस्पताल में मिलने तक नहीं दिया, जिसके बाद उन्होंने वकील के जरिए डिंपल कपाड़िया को नोटिस भिजवाया था। इसके बावजूद जब राजेश खन्ना का निधन हुआ तो उन्हें अंतिम संस्कार में आने से रोक दिया गया। सबके खिलाफ जाकर अनीता अंतिम संस्कार में शामिल हुई थीं। वो उस ट्रक में भी चढ़ी थीं, जिससे राजेश खान का पार्थिव शरीर श्मशान भूमि ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्हें वहां से हटा दिया गया। अनीता ने ये भी दावा किया है कि राजेश खन्ना ने वसीहत में उनके लिए काफी कुछ लिखा था, लेकिन परिवार ने वो वसीहत छिपा दी। बता दें कि राजेश खन्ना के निधन के बाद डिंपल कपाड़िया ने अनीता को आशीर्वाद बंगले से हटा दिया था। जिसके चलते उन्होंने कोर्ट केस कर दिया था।