16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगड़िया और सदस्य एनी जॉर्ज मैथ्यू, डॉ. सौम्य कांति घोष और डॉ. मनोज पांडा 4 ​दिवसीय दौरे पर मंगलवार दोपहर मप्र पहुंच गए। पहले दिन उन्होंने यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल सांची स्तूप और ऐतिहासिक उदयगिरि गुफाओं का भ्रमण किया। वित्त आयोग के प्रतिनिधिमंडल ने लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से सांची स्तूप के इतिहास को एक रोचक कहानी के माध्यम से जाना। आयोग के सदस्य बुधवार को कैग के अफसरों के साथ बैठक करेंगे, वहीं शाम को नगरीय निकाय, पंचायतों के प्रतिनिधि और राजनीतिक दल के सदस्य आयोग से मिलकर अपनी बात रखेंगे। इन बैठकों के दौरान आयोग के सदस्य मप्र की आर्थिक प्रगति और भविष्य के लिए वित्तीय जरूरतों का आकलन करेंगे।