सीहोर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 24 हजार 388 नए आवासों का लक्ष्य मिला है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए जिला प्रशासन ने क्लस्टर स्तर पर हितग्राही सम्मेलन का आयोजन शुरू किया है। जिला पंचायत सीईओ डॉ. नेहा जैन के निर्देश पर यह सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। आष्टा जनपद के कुरावर और खजूरिया कासम में 10 ग्राम पंचायतों के हितग्राहियों का सम्मेलन हुआ। सीहोर जनपद के श्यामपुर में 13, इछावर जनपद के बावड़ियाचौर और अबिदाबाद में 9 तथा भैरूंदा जनपद के बोरखेड़ा कला में 11 ग्राम पंचायतों के हितग्राहियों ने भाग लिया। सम्मेलन में हितग्राहियों को आवास निर्माण की विस्तृत जानकारी दी गई। योजना के तहत चार किस्तों में कुल 1.40 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी। पहली किस्त में प्लिंथ निर्माण के लिए 25 हजार रुपए, दूसरी किस्त में दीवार चुनाई के लिए 40 हजार रुपए, तीसरी किस्त में छत निर्माण के लिए 40 हजार रुपए और चौथी किस्त में मनरेगा एवं मजदूरी भुगतान के लिए 35 हजार रुपए दिए जाएंगे। कार्यक्रम में ग्राम पंचायतों के रोजगार सहायक, सचिव, उपयंत्री, मनरेगा अधिकारी, प्रधानमंत्री आवास प्रभारी और आजीविका ग्रुप के राजमिस्त्री मौजूद रहे। हितग्राहियों को मकान का नक्शा और लेआउट भी समझाया गया।