भोपाल मंडल ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पातालकोट एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 14623/14624) के नंबर और समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। 1 मार्च से यह ट्रेन नए नंबर और सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में संचालित की जा रही है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि अब ट्रेन नंबर 14623 (सिवनी–फिरोजपुर एक्सप्रेस) को 20423 और ट्रेन नंबर 14624 (फिरोजपुर–सिवनी एक्सप्रेस) को 20424 के रूप में जाना जाएगा। इसके साथ ही ट्रेन की गति में वृद्धि की गई है, जिससे यात्रियों को तेज और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। फिरोजपुर–सिवनी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (20424) ट्रेन नंबर 20424 फिरोजपुर–सिवनी सुपरफास्ट एक्सप्रेस अब फिरोजपुर कैंट स्टेशन से सुबह 04.10 बजे प्रस्थान कर और बीना जंक्शन, गंजबासोड़ा, विदिशा, भोपाल जंक्शन, रानी कमलापति, नर्मदापुरम और इटारसी जंक्शन जैसे प्रमुख स्टेशनों से होते हुए अगले दिन सुबह 06.20 बजे सिवनी स्टेशन पहुंच रही है। इस बदलाव से यात्रा का कुल समय 55 मिनट कम हो गया है। सिवनी–फिरोजपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (20423) ट्रेन नंबर 20423 सिवनी–फिरोजपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस सुबह 08.20 बजे सिवनी स्टेशन से प्रस्थान कर इटारसी जंक्शन, नर्मदापुरम, रानी कमलापति, भोपाल जंक्शन, विदिशा, गंजबासौदा और बीना जंक्शन होते हुए अगले दिन सुबह 11.25 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंच रही है। इस बदलाव से यात्रा का कुल समय 35 मिनट कम हो गया है।