सतना में 8वीं कक्षा की 4 छात्राएं लापता हो गई हैं। इनमें से एक छात्रा के घर से सुसाइड नोट मिला है। जिसमें लिखा है कि मैं मरने जा रही हूं। परिजन की शिकायत के बाद पुलिस छात्राओं की तलाश में जुटी है। ये मामला सतना के टिकुरिया टोला इलाके का है। बताया जा रहा है कि शनिवार को चारों छात्राएं टिकुरिया टोला स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में एग्जाम देने आई थीं। इनका दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक सामाजिक विज्ञान विषय का पेपर था। पेपर देने के बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है। सभी छात्राएं टिकुरिया टोला की ही रहने वाली हैं और यहीं के नवीन सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल में पढ़ती हैं। सभी की उम्र लगभग 13 वर्ष बताई जा रही है। घर से लापता छात्राओं के नाम इनमें से इच्छा गुप्ता के घर से सुसाइड नोट मिला है। हालांकि पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है। छात्राएं घर नहीं पहुंची तो परिजन ने पुलिस में की शिकायत छात्राएं जब शाम 5 बजे तक घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उनकी तलाश की। जब वे नहीं मिली तो रात 8 बजे परिजन कोलगवां थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज कराई है। रात करीब 10 बजे एक छात्रा के घर परिजनों को सुसाइड नोट मिला है। छात्रा ने सुसाइड नोट में लिखा कि भैया, डैडी, मम्मी.. मैं मरने जा रही हूं। अब कभी नहीं आऊंगी। आपको छोड़कर जा रही हूं। कल जो मामा जी ने बताया था, ऐसा कुछ भी नहीं है। मैं सच में किसी लड़के से बात नहीं करती हूं। मेरी बस एक गलती है कि फिर से इंस्टाग्राम आईडी बना ली हूं, लेकिन सच में मैं किसी से भी बात नहीं करती हूं। मेरी बात में यकीन करिए क्योंकि जब तक आपको मेरी बात में यकीन होने वाला होगा तब तक मैं इस दुनिया से आपसे बहुत दूर जा चुकी होगी। छात्रा ने लिखा- मम्मी-डैडी मैं आप लोगों से बहुत प्यार करती हूं सुसाइड नोट में आगे लिखा कि मम्मी-डैडी मैं आप लोगों से बहुत प्यार करती हूं। मैं जाना तो नहीं चाहती, पर मजबूर हूं और मैं इस दुनिया से जाने से पहले भगवान भोलेनाथ से दुआ करूंगी कि जो खुशी मेरे हिस्से की हो वह भी आप लोगों को मिल जाए। आप लोगों को यकीन दिलाने यहां से जा रही हूं। आप यह न सोचिएगा कि मैं कहीं रहने जा रही हूं। मैं मरने जा रही हूं। आप लोगों को अब कोई परेशान नहीं करेगा। आई लव यू मम्मी डैडी। मम्मी आपको गुस्से में कुछ बोल दिया हो तो मुझे माफ करिएगा। आपकी प्यारी बेटी.. सीसीटीवी फुटेज में जाती हुई नजर आईं चारों छात्राएं कोलगवां थाना के टीआई ने बताया कि छात्राओं की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों में छानबीन की जा रही है। एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें चारों छात्राएं टिकुरिया टोला बांस नाका रोड से जयस्तंभ चौक की तरफ जाती हुई दिख रही हैं। इधर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे अपनी बेटियों के सकुशल घर लौटने की प्रार्थना कर रहे हैं। Post navigation China reopens Mt Everest area in Tibet after January earthquake शिक्षा से आत्मनिर्भर बनती हैं बालिकाएं 50 छात्राओं को प्रदान किए सलवार सूट