नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पर 2 साल पहले पोल लगने के बावजूद 100 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा नहीं लग पाया था। इस मुद्दे को लेकर भाजपा नगर मंत्री मनीष परदेशी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ‘X’ के माध्यम से पत्र लिखकर अवगत कराया था। शिकायत के अगले दिन ही शुरू हुआ काम शिकायत की सूचना मिलते ही रेल विभाग हरकत में आया और शनिवार शाम को आईओडब्ल्यू, इलेक्ट्रिक स्टाफ के अधिकारी, कर्मचारी तिरंगा लगने वाले स्थान पर पहुंचे। उन्होंने पोल के आसपास सफाई कराई और पोल के ऊपरी हिस्से को भी ठीक किया। रेल सूत्रों के मुताबिक ऐसी संभावना है कि अगले एक सप्ताह में नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पर 100 फीट ऊंचा तिरंगा लहराता हुआ दिखाई देगा। गौरतलब है कि नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पर 2 साल पहले पोल लगा दिया गया था। लेकिन अफसरों की उदासीनता के चलते पोल पर तिरंगा नहीं लग पाया। एक्स पर मांग करने के बाद रेल मंत्रालय से मैसेज भी प्राप्त हुआ था। जिसमें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था।