खिरकिया के चारूवा गांव में फाल्गुन मास की अमावस्या पर गुप्तेश्वर महादेव की पालकी यात्रा निकाली गई। शुक्रवार शाम 7 बजे महादेव सजी-धजी पालकी में विराजमान होकर मेला क्षेत्र के भ्रमण पर निकले। मेला परिसर में दुकानदारों ने पुष्पवर्षा कर महादेव का दर्शन-पूजन किया। पालकी यात्रा रात 8 बजे बाणगंगा नदी तट पर पहुंची। यहां भव्य आतिशबाजी का आयोजन किया गया, जिसका आनंद जिले भर से आए भक्तों ने लिया। महाशिवरात्रि के बाद अमावस्या पर निकलने वाली यह पालकी यात्रा एक पुरानी परंपरा है। यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल रहे। रात 9 बजे पालकी मंदिर वापस पहुंची। यहां गर्भगृह में आरती की गई और प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम अशोक डेहरिया, नायब तहसीलदार देवराम निहरता, एसडीओपी राबर्ट गिरवाल और छीपाबड़ टीआई मुकेश गोंड अपनी टीम के साथ उपस्थित थे।