कुक्षी-बड़वानी स्टेट हाईवे के सुसारी टोल प्लाजा पर फास्टैग अनिवार्य कर दिया गया है। इससे स्थानीय वाहन चालकों को मिलने वाली 50 प्रतिशत की छूट बंद हो गई है। टोल प्लाजा के सभी चार बूथ पर दो माह पहले से फास्टैग अनिवार्य किया गया है। इस नई व्यवस्था से स्थानीय लोगों को वाहन चालकों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। उन्हें परेशानी के साथ आर्थिक नुकसान भी हो रहा है। स्थानीय लोगों ने पहले भी टोल प्लाजा मैनेजमेंट को दो बूथ फास्टैग मुक्त करने का ज्ञापन सौंपा था, लेकिन कंपनी ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसी के विरोध में शुक्रवार शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक क्षेत्र के किसान और जनप्रतिनिधियों ने टोल प्लाजा के सामने धरना दिया। ग्राम पंचायत निसरपुर के सरपंच अंतिम पटेल ने बताया कि स्थानीय लोगों की मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि टोल प्लाजा के कम से कम दो बूथ पर फास्टैग की अनिवार्यता खत्म की जाए। साथ ही स्थानीय लोगों को पहले की तरह 50 प्रतिशत की छूट की व्यवस्था लागू की जाए।