इंदौर में शुक्रवार को आईडीए अध्यक्ष (कमिश्नर) दीपक सिंह की अध्यक्षता में संचालक मंडल की बैठक हुई। बैठक में स्कीम 136 में 20 मंजिला मल्टी के निर्माण, बड़ा गणपति ओवर ब्रिज के अलाइनमेंट सहित कई डेवलपमेंट कामों को मंजूरी दी गई। बैठक में स्कीम 136 के प्लॉट सी.एम.आर.-4 में आवासीय सह-वाणिज्यिक बहुमंजिला भवन का निर्माण किए जाने के लिए टेंडर मंजूरी पर सहमति बनी। यह प्रोजेक्ट 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में डेवलप किया जाएगा। इसमें आधुनिक सुविधाओं से युक्त 20 मंजिला मल्टी का निर्माण कराया जाएगा। मल्टी की प्रारंभिक दो मंजिलें बेसमेंट पार्किंग के लिए आरक्षित रहेंगी। कुल निर्मित क्षेत्र 38 हजार 600 वर्गमीटर होगा। भवन की ऊंचाई 60 मीटर होगी। इस लागत 120 करोड़ रु. की होगी। इस प्रोडेक्ट में 3, 4 और 5 बीएचके के कुल 90 प्रकोष्ठ का निर्माण किया जाएगा। ये 200, 270 और 320 वर्गमीटर क्षेत्रफल के होंगे। सभी प्रकोष्ठ समान संख्या में अर्थात प्रत्येक श्रेणी के 30-30 प्रकोष्ठों का निर्माण किया जाएगा। वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए 4600 वर्ग मीटर आरक्षित किया गया है। इसके अंतर्गत जिम, शोरूम, ऑफिस आदि बनाए जाएंगे। यह प्लॉट एयरपोर्ट से 17 किमी, बस स्टैंड और रेल्वे स्टेशन से 8 व 6 किमी और अस्पताल से मात्र 2 किमी की दूरी पर स्थित है। इस प्रोजेक्ट से आधुनिक शहरी बुनियादी ढांचे का विकास होगा। एक अन्य निर्णय में संचालक मंडल द्वारा ग्राम बिहाड़िया के सर्वे नंबर 68/1/1, 68/1/2, 96/1/1, 96/1/2 कुल रकबा 3.087 हेक्टेयर पर विकास कार्य हेतु प्रशासकीय स्वीकृति 7.30 करोड़ रुपए एवं ग्राम शिव नगर तहसील डॉ. अम्बेडकर नगर (महू) जिला इन्दौर स्थित भूमि सर्वे नंबर 34/1, 34/2, 34/3, 34/4 एवं 40 कुल रकबा 6.252 हेक्टेयर पर डेवलपमेंट काम के लिए 14.57 करोड़ रु. इस प्रकार कुल राशि 21.87 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई। संचालक मंडल द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 की गाइड लाइन को प्राधिकारी में लागू किए जाने का निर्णय लिया गया। संचालक मंडल द्वारा स्कीम 78 अरण्य में आवासीय उपयोग के प्लॉट 38-ए कार्नर (सामान्य) के लिए, फर्स्ट फेस-2 में औद्योगिक उपयोग के प्लॉट के लिए स्कीम 151 में, स्कीम 78 दूसरे फेस में (ऑक्सीडेशन पॉन्ड) में पीएसपी उपयोग के प्लॉट 4-बी (अजाज) के लिए और स्कीम 78 दूसरे फेस (ऑक्सीडेशन पॉन्ड) में पीएसपी उपयोग के प्लॉट 6 (मेजर रोड व कार्नर) के लिए टेंडर मंजूर किए गए हैं। ऐसे ही ग्राम बिहाड़िया तहसील बिचौली हप्सी स्थित अविकसित ग्रीन लाइफ सिटी कॉलोनी में बंधक भूखंडों के लिए और ग्राम शिव नगर तहसील डॉ. अम्बेडकर नगर (महू) स्थित अविकसित ग्रीन लाइफ सिटी कॉलोनी में बंधक भूखंडों के लिए न्यूनतम दरें निर्धारित की गई। एक अन्य निर्णय में प्राधिकारी द्वारा बडा गणपति फ्लाई ओवर के अलाइनमेंट में आ रही ड्रेनेज लाइन और पानी की लाइन को हटाने के लिए 11.38 करोड़ रु. की मंजूरी दी गई। यह राशि नगर निगम को दी जाएगी। Post navigation ऑपरेशन हवालात में देवास पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया:2000 रुपए का इनामी चोर 4 माह बाद गिरफ्तार, कोर्ट में पेश निवाड़ी में यात्री बस और ट्रक में टक्कर:ड्राइवर की सूझबूझ से हादसा टला; बस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त