कोतवाली थाना पुलिस को बुधवार रात करीब 10 बजे सूचना मिली कि गोपालबाग तालाब के पास दो बच्चों के कपड़े और चप्पलें रखी हुई हैं। वहीं, उनके परीक्षा के पेपर भी पास में पड़े हैं। आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान दोनों बच्चे तालाब में डूब गए हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास सघन जांच शुरू की। पुलिस को मौके से बच्चों के कपड़े और बैग बरामद हुए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एसडीआरएफ की टीम और गोताखोरों को बुलाया और तालाब में गहन सर्च अभियान चलाया। करीब दो घंटे तक लगातार खोजबीन के बावजूद बच्चों का कुछ पता नहीं चला। रात अधिक हो जाने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया। गुरुवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। अफवाह या सच्चाई? पुलिस कर रही जांच पुलिस का कहना है कि अभी तक जिले के किसी भी थाने में बच्चों के लापता होने की सूचना दर्ज नहीं कराई गई है। ऐसे में पुलिस इसे अफवाह होने की संभावना से भी जोड़कर देख रही है। प्रत्यक्षदर्शी बोले- तालाब में नहा रहे थे बच्चे घटना के बारे में स्थानीय निवासी पीहू यादव ने बताया कि वे गोपालबाग के पास ही रहते हैं। शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच उनके एक दोस्त को फोन आया कि कुछ स्कूली बच्चे तालाब में नहा रहे थे। वे आठवीं से नौवीं कक्षा के छात्र लग रहे थे। उनके दोस्त ने बताया कि चार लड़के तालाब में नहा रहे थे, इसी दौरान अचानक दो बच्चे पानी में डूब गए। उनके साथ मौजूद दो अन्य बच्चे घबराकर वहां से भाग गए और कुछ स्थानीय लोगों को इस घटना के बारे में बताया। स्थानीय लोगों ने काफी देर तक तालाब के किनारे बच्चों को खोजने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं मिले, तो पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय निवासी सुशील शुक्ला का कहना है कि उन्हें देर रात जानकारी मिली कि गोपालबाग तालाब के पास भारी भीड़ जमा है। जब वे मौके पर पहुंचे, तो पता चला कि दो बच्चे तालाब में डूब गए हैं। पुलिस और स्थानीय लोगों ने गोताखोरों की मदद से काफी देर तक बच्चों को ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। तालाब के किनारे मिला 8वीं कक्षा का संस्कृत परीक्षा पेपर पुलिस को तालाब के किनारे एक 8वीं कक्षा का संस्कृत परीक्षा पेपर भी मिला है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद बच्चे तालाब के पास आए होंगे और नहाने के दौरान यह हादसा हुआ होगा। सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा कोतवाली थाने में पदस्थ एसआई रविकिरण सिंह ने बताया कि बुधवार रात स्थानीय लोगों ने सूचना दी थी कि दो बच्चे तालाब में डूब गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। एसआई के मुताबिक, तालाब के किनारे बच्चों के चप्पल, कपड़े और परीक्षा के पेपर मिले हैं। जिले के अन्य थानों से भी संपर्क किया गया है, लेकिन कहीं से भी बच्चों के लापता होने की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। रात हो जाने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन फिलहाल रोक दिया गया है। गुरुवार को एक बार फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा।