बुरहानपुर में गणपति नाका थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक युवक की चाकू से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया था। मृतक की पहचान आदिलपुर निवासी सोनू उर्फ राशिद के रूप में हुई थी। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में सैयद शफीक (20), शेख भूरा (42) और उसकी पत्नी शहनाज बी उर्फ शन्नो (40) शामिल हैं। तीनों लोहारमंडी बुरहानपुर के रहने वाले हैं। हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद
पूछताछ में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है। मामले में थाना प्रभारी सुरेश महाले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी में उप निरीक्षक किशोर सिंह मोहनिया, सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह राजपूत समेत कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।