एबी रोड स्थित एमजी हेक्टर कार शोरूम के ठीक पास एक मल्टी की दुकान में बुधवार रात आग लग गई। बताया जाता है कि दुकान में एंटीक सामान बेचा जाता है। इसी मल्टी में 18 परिवार भी रहते हैं। आग लगने से पूरी मल्टी में धुआं भर गया। फ्लैट्स में रहने वाले लोगों का दम घुटने लगा तो वे बाहर की ओरए दौड़े। विडंबना यह थी कि नगर निगम के पानी के टैंकर आग बुझाने के लिए आए, लेकिन पानी खींचने का पंप खराब होने से पानी की बौछार ही नहीं कर पाए। फायर ब्रिगेड के 20-25 कर्मचारी लाचार होकर दुकान को जलता हुआ देखते रहे। काफी देर बाद दूसरे टैंकर भेजे गए फिर आग बुझाना शुरू किया। बुधवार रात आग को जैसे-जैसे हवा लगी, वह फैलती चली गई। शोरूम के पास ही एक नई कार रखी थी। उसका आगे का हिस्सा जल गया, वहीं शोरूम के मालिक भी ताबड़तोड़ शोरूम के बाहर आकर खड़े हो गए। उन्होंने शोरूम में रखी कारों को निकालने का प्रयास किया। रहवासियों ने फ्लैट से बाहर आने के बाद आरोप लगाए कि आग की सूचना देने के बाद पौन घंटे तक फायर ब्रिगेड का अमला नहीं पहुंचा। वहीं डीसीपी अमित सिंह भी मौके पर पहुंच चुके थे। उधर, धार रोड स्थित ग्राम पंचायत सिंहासा में एक टेंट हाउस में भी आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने उसे बुझाया। रहवासी कर चुके हैं दुकान संचालक की शिकायत
मल्टी में रहने वाले परिवार कई बार नगर निगम से दुकान संचालक सुरेंद्र सिंह भाटिया की शिकायत कर चुके हैं। क्योंकि इस दुकान के बाहर पोर्च में पुराना सामान पड़ा रहता था। आशंका है कि बाहर रखे इसी सामान में आग लगी होगी, जिसकी वजह से पूरी मल्टी, कार शोरूम खतरे में आ गया। बिजली कंपनी ने एहतियातन इंडस्ट्री हाउस से लेकर एलआईजी चौराहे तक की बिजली बंद कर दी। मल्टी में रहने वाले परिवार अपने रिश्तेदारों के चले गए। आग व धुएं से मल्टी की दीवारें काली पड़ गईं।