बालाघाट की ग्राम पंचायत कायदी में सरपंच और उपसरपंच के बीच विवाद गहराता जा रहा है। बुधवार को सरपंच रेखा नगरगढ़े के समर्थन में बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उपसरपंच धरम सिंह राजपूत और अन्य पंचों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि उपसरपंच और कुछ पंच पंचायत के विकास कार्यों में जानबूझकर बाधा डाल रहे हैं। 3 मार्च से उपसरपंच और कुछ पंच जिला पंचायत कार्यालय के सामने क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वे सरपंच पर निर्वाचित प्रतिनिधियों की उपेक्षा करने और सरपंच पति के पंचायत में अनुचित हस्तक्षेप का आरोप लगा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस विवाद के कारण पंचायत के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मजदूरों को काम नहीं मिल पा रहा है, जिससे वे पलायन करने को मजबूर हैं। ग्रामवासी रामेश्वरी नगरगढ़े ने बताया कि वे चाहते हैं कि मनरेगा के तहत मजदूरों को 100 दिन का पूरा रोजगार मिले। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि विकास कार्यों में बाधा डालने वाले उपसरपंच और पंचों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए, ताकि पंचायत के विकास कार्य सुचारु रूप से चल सकें और आम जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े।