पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस को लाइनमैन दिवस के रूप में मनाया। इंदौर सहित कई जिलों में विशेष समारोह आयोजित किए गए। कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह के निर्देश पर लाइन कर्मियों को सम्मानित किया गया। इंदौर शहर वृत्त का कार्यक्रम जाल सभागार में हुआ। अधीक्षण यंत्री मनोज शर्मा की अध्यक्षता में जोन और उच्चदाब प्रकोष्ठ के लाइनमैनों को सम्मानित किया गया। शर्मा ने लाइनकर्मियों को सुरक्षा मापदंडों का पालन करने का आग्रह किया। इंदौर ग्रामीण वृत्त का समारोह होटल साउथ एवेन्यू में संपन्न हुआ। अधीक्षण यंत्री डॉ. डीएन शर्मा ने डिस्चार्ज राड के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह उपकरण लाइनमैन को करंट से बचाने में सबसे कारगर है। इस अवसर पर इंदौर, देपालपुर, महू और पीथमपुर क्षेत्र के लाइन कार्मिकों का अभिनंदन किया गया। रतलाम, उज्जैन, खरगोन, धार, बड़वानी और बुरहानपुर समेत अन्य जिलों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। सभी स्थानों पर कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण भेंट किए गए और सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।