इंदौर की बाणगंगा पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ पहचान छुपाकर कमरा किराए पर लेने और महिलाओं से ठगी के मामले में केस दर्ज किया है। आरोपी ने लोगों को काम पर रखा, लेकिन सैलरी दिए बिना भाग गया। पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है। बाणगंगा पुलिस ने ग्यारसीलाल कैथवास, निवासी भागीरथपुरा की शिकायत पर अभिषेक बोरिया उर्फ संदीप गुप्ता, निवासी त्रिमूर्ति नगर, भोपाल के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी अभिषेक बोरिया ने कुछ माह पहले ग्यारसीलाल से कमरा किराए पर लिया था। किरायेदारी का एग्रीमेंट करने के लिए संदीप पुत्र राहुल गुप्ता, निवासी कृष्णा आर्केड, भोपाल के डॉक्यूमेंट्स की फोटो कॉपी दी। जिसमें फोटो अभिषेक का लगा हुआ था। आरोपी ने किराए के कमरे से बर्तन साफ करने का पावडर बेचने की बात कही। इलाके की जरूरत मंद महिलाओं से 30 रुपए किलो में पावडर खरीद कर फायदे में बेचने का झांसा दिया। महिलाओं से एडवांस में रुपए जमा कराने के बाद सभी को 22 फरवरी 2025 को बुलाया। लेकिन इसके पहले ही मोबाइल बंद कर लोगों का पेमेंट लेकर भाग गया। उसके द्वारा मोबाइल नहीं उठाने पर कमरे का ताला तोड़कर डॉक्यूमेंट देखने पर लोगों को अभिषेक द्वारा की गई धोखाधड़ी के बारे में पता चला। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर अभिषेक बोरिया की तलाश शुरू कर दी है।