भोपाल के हबीबगंज इलाके में सरेराह लूट का मामला सामने आया है। दो आरोपियों ने युवक की चलती एक्टिवा पर लात मारकर उसे गिरा दिया और वाहन समेत 55 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि 44 वर्षीय लोकेंद्र गोड़िया, जो रोहित नगर शाहपुरा में रहते हैं, एक कारोबारी की फर्म में कर्मचारी हैं। 26 फरवरी की सुबह वे उधार के 55 हजार रुपये लेकर लौट रहे थे। 12 नंबर स्टॉप के पास दो युवकों ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन जैसे ही उन्होंने गाड़ी धीमी की, आरोपियों ने लात मारकर उन्हें गिरा दिया और मारपीट कर एक्टिवा लेकर भाग निकले। लोकेंद्र ने घटना की सूचना अपने मालिक को दी और बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।