रायसेन में अमृत-2 योजना के तहत पानी की पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। ठेकेदार ने कई मोहल्लों में सड़कें खोदकर छोड़ दी हैं। इससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खुदाई के दौरान कई लोगों के नल कनेक्शन टूट गए हैं। इंडियन चौराहा से तालाब की ओर जाने वाली सीमेंटेड सड़क को भी दो दिन पहले खोदा गया। सड़क की सही तरीके से मरम्मत न होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। योजना के तहत 10 करोड़ रुपए की लागत से वार्ड-13 ताजपुर, वार्ड-18 संजय नगर और वार्ड-6 में ओवरहेड टैंक का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही वार्ड 1 से 18 तक करीब 56 किलोमीटर क्षेत्र में नई पाइप लाइन बिछाई जा रही है। पुरानी और क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों को भी बदला जा रहा है। सीएमओ बोले- सड़क की मरम्मत ठेकेदार की जिम्मेदारी नगर पालिका के सीएमओ ने बताया कि सड़कों की मरम्मत ठेकेदार की जिम्मेदारी है। टेंडर में यह शर्त पहले से शामिल है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मरम्मत कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।