शाजापुर में कलेक्टर रिजु बाफना के निर्देश पर अधिकारी-कर्मचारी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। शनिवार सुबह 9 बजे से स्टेडियम मैदान में टेनिस बॉल क्रिकेट और खेल प्रशाल में बैडमिंटन के मुकाबले शुरू हुए।क्रिकेट प्रतियोगिता में राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला पंचायत और नगर पालिका समेत 14 विभागों की टीमें भाग ले रही हैं। बैडमिंटन के डबल्स मुकाबले में सात विभागों की टीमें खेल रही हैं। सिंगल्स बैडमिंटन में कुल 31 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इन्हें पूल A और पूल B में 16-16 खिलाड़ियों के रूप में बांटा गया है। जिला खेलाधिकारी रविंद्र हार्डिया ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य अधिकारी-कर्मचारियों को मनोरंजन के साथ कार्य के तनाव से मुक्ति दिलाना है। इससे वे तरोताजा होकर अपने कार्यों को पूरी ऊर्जा और मनोयोग से कर सकेंगे। दोनों ही खेलों में कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।