रीवा के गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल में पांच प्रसूता महिलाओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिससे अस्पताल प्रशासन और परिजन चिंतित हो गए। सभी महिलाओं की शुक्रवार रात ऑपरेशन द्वारा डिलीवरी हुई थी, लेकिन शनिवार सुबह से वे बेहोश होने लगीं और बेसुध हो गईं। दो महिलाओं की हालत ज्यादा गंभीर है, जिन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। दवा में गड़बड़ी की आशंका अस्पताल अधीक्षक राहुल मिश्रा ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए अलग-अलग विभागों की डॉक्टरों की टीम काम कर रही है। ड्रग्स में डिफॉल्ट (दवा में गड़बड़ी) की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। हालांकि, अस्पताल प्रशासन का दावा है कि सभी महिलाएं फिलहाल खतरे से बाहर हैं। परिजन बोले- महिलाएं बोल तक नहीं रहीं बीमार महिलाओं के परिवार वाले काफी परेशान हैं। शाहिद अली, जिनकी भतीजी का ऑपरेशन हुआ था, ने कहा, “डिलीवरी के बाद सब कुछ ठीक था, लेकिन सुबह से वह निश्चेत पड़ी है। कुछ बोल नहीं रही। बाकी महिलाओं की भी यही हालत है।” चुरहट से आए अंबुज गुप्ता ने बताया कि उनकी पत्नी ऑपरेशन के बाद ठीक थी, लेकिन अब पूरी तरह शून्य हो गई हैं, हाथ-पैर तक नहीं हिला पा रहीं। अस्पताल में इस घटना से हड़कंप मच गया है। डॉक्टरों की टीम जांच कर रही है कि यह किसी दवा का साइड इफेक्ट है या कोई अन्य कारण जिम्मेदार है। परिजन महिलाओं के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। Post navigation 15 मार्च से 5 मई तक होगी गेहूं की खरीदी:प्रदेश सरकार ने किया बदलाव, विदिशा में 200 केंद्र तैयार राजगढ़ में लगी गांधी प्रतिमा को किया क्षतिग्रस्त:नपा की शिकायत पर सीसीटीवी फुटेज से अज्ञात आरोपी तलाश में जुटी पुलिस