गुना के इंडस्ट्रियल एरिया में 200 फैक्ट्री मालिकों को अब वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। 12 करोड़ की जमीन पर लगभग 2.5 करोड़ से विद्युत सब स्टेशन बनाया जाएगा। इसके लिए सरकारी जमीन पर किया गया अतिक्रमण हटाया गया। भाजपा नेता द्वारा अतिक्रमण कर उस पर ढाबे का संचालन किया जा रहा था। बता दें कि शहर के इंडस्ट्रियल एरिया में लगभग 200 फैक्ट्री हैं। अभी तक यहां बिजली कुशमौदा सब स्टेशन से आती है। वहां से ये काफी दूर पड़ता है। इस कारण वह वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या अक्सर बनी रहती थी। इसके अलावा शहर का नया बाजार भी इसी इलाके में डेवलप हो रहा है। कई दुकानें इसी तरफ खुल रही हैं। उन दुकानों को भी बिजली की आवश्यकता है। इसी कारण इंडस्ट्रियल एरिया में साइकिल फैक्ट्री के पास 33 केव्ही का विद्युत सब स्टेशन स्वीकृत हुआ था। यहां पर 24000 स्क्वायर फीट जमीन सब स्टेशन के लिए आवंटित की गई थी। हालांकि, इस जमीन पर भाजपा नेता अमन नाटले के द्वारा अतिक्रमण कर ढाबा संचालित किया जा रहा था। अमन नाटले भाजपा के नगर मंत्री हैं। कलेक्टर किशोर कुमार कान्याल के निर्देश पर तहसीलदार गौरीशंकर बैरवा, नगरपालिका CMO तेजसिंह यादव सहित राजस्व, नगरपालिका और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान तीन थानों की फोर्स मौजूद रही। यहां JCB से इस अवैध अतिक्रमण को तोड़ दिया गया। इस जमीन की कीमत लगभग 12 करोड़ रुपए आंकी गई है। विद्युत सब-स्टेशन से जनता को मिलेगा लाभ
इस कार्रवाई से विद्युत विभाग के 32 केवी विद्युत सब-स्टेशन के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। टीम ने जमीन को अतिक्रमण से मुक्त करा कर विद्युत विभाग को सुपुर्द कर दिया है। इस सब- स्टेशन के निर्माण से इंडस्ट्रियल एरिया को काफी फायदा होगा। उसके अलावा इस इलाके में विकसित हो रहे मार्केट को भी पर्याप्त बिजली मिल सकेगी। साथ ही क्षेत्र में बिजली आपूर्ति में उल्लेखनीय सुधार होगा, जिससे आम जनता को निर्बाध और उच्च गुणवत्ता की बिजली मिल सकेगी।