निगम संपत्तिकर विभाग अमले द्वारा शुक्रवार को निगम आयुक्त के निर्देशानुसार वार्ड क्रमांक 49 वेदनगर स्थित बीएसएनएल के स्वामित्व भवन पर 60 लाख 75 हजार रुपए का संपत्तिकर बकाया होने के कारण ऑफिस पर तालाबंदी एवं कुर्की की कार्रवाई की। कार्रवाई नगर पालिका निगम अधिनियम 1956 की धारा 175(1) के अंतर्गत की गई। सहायक संपत्तिकर अधिकारी संतोष शर्मा ने बताया वेदनगर स्थित बीएसएनएल के स्वामित्व वाले भवन पर विगत कई वर्षों से संपत्तिकर बकाया है। बार-बार सूचित करने पर भी आज तक संपत्ति कर नहीं जमा कराया गया। इसके क्रम में शुक्रवार को बीएसएनएल के भवन को सील एवं तालाबंदी करने की कार्रवाई की गई। निगम आयुक्त आशीष पाठक द्वारा बकाया संपत्ति करदाताओं से अपील की गई है कि अपना बकाया संपत्तिकर जमा करते हुए शहर विकास में अपना सहयोग प्रदान करें। साथ ही जिन बकाया संपत्तिकर दाता द्वारा बार-बार सूचना एवं नोटिस देने के बाद भी अपना संपत्तिकर नहीं भरा जा रहा है, उन पर सख्त कार्रवाई करते हुए तालाबंदी एवं कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। निगम आयुक्त द्वारा समस्त जोन के वसूली करने वाले अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिन शासकीय संपत्तियों पर संपत्तिकर बकाया है, उनसे संपत्तिकर जमा करवाया जाए।