मंगलनाथ मार्ग स्थित आश्रम में आसाराम चार दिन से सैकड़ों अनुयायी के साथ रुका हुआ है। यहां संवाद से लेकर प्रत्यक्ष रूप से अनुयायियों से आसाराम की मुलाकात जारी है। गुरुवार को आश्रम में अनुयायियों को प्रवचन देने की बात भी सामने आई थी। इसके बाद शुक्रवार को आश्रम में किसी नए व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया गया। मंगलनाथ मार्ग स्थित आश्रम में सुबह 6 बजे के पहले जो लोग आ गए, उन्हें ही अंदर लिया गया। इसके बाद सभी को ये कहते हुए रोक दिया कि आज दीक्षा वालों की संख्या पूरी हो गई है। शुक्रवार को आसाराम के आश्रम को भी चारों तरफ से पर्दे से ढंक दिया गया। जो संवाद स्थल अंदर बनाया है, उसे भी पूरी तरह पर्दे से नजरबंद कर दिया है। आसाराम का शुक्रवार को पंचकर्म के लिए आयुर्वेद अस्पताल जाना तय था, इसकी जानकारी पुलिस को भी थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया पंचकर्म के लिए जाना आसाराम ने खुद ही निरस्त कर दिया। अनुयायियों के दो एंट्री कार्ड
आसाराम की पूरी व्यवस्था देखने वाले समर्थकों ने सुरक्षा व खासकर मीडिया को दूर रखने के लिए अनुयायियों के भी दो एंट्री कार्ड बनाए हैं। एक कार्ड वे खुद अपने पास रख रहे हैं, ताकि नाम, पता व फोटो से मिलान किया जा सके कि कोई अनधिकृत रूप से तो अंदर नहीं आ गया है। अंदर स्थायी शेड में एलईडी स्क्रीन लगी है, जहां संवाद हो रहा है। शर्तों का पालन नहीं तो दिक्कत होगी आसाराम उज्जैन में रुके, जहां टीम नजर रखे हुए हैं। राजस्थान की पुलिस टीम भी यहां है। उनसे स्पष्ट कह दिया है कि कोर्ट की शर्तों का पालन करें, वे पालन नहीं करेंगे तो दिक्कत उन्हीं को होगी। – विवेक कनोड़िया, टीआई जीवाजीगंज