बैतूल के वेस्टर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड (WCL) पाथाखेड़ा क्षेत्र में बड़ा हादसा हुआ है। छतरपुर-1 खदान के सीएम सेक्शन में दोपहर करीब 3 बजे रूफ गिरने से 4 कोयला कर्मी दब गए। हादसा खदान के मुहाने से लगभग 3.5 किलोमीटर अंदर कंटीन्यूअस माइनर सेक्शन में हुआ। यहां करीब 10 मीटर का रूफ गिर गया। दबे हुए कर्मियों में माइनिंग सरदार, ओवरमैन और सेक्शन इंचार्ज शामिल हैं। यह सेक्शन जॉय माइनिंग सर्विस का है। इसमें ऑस्ट्रेलियाई मशीन लगी है। कंपनी कोलकाता की है। हादसे की सूचना मिलने में देरी हुई। सूचना मिलते ही माइन रेस्क्यू टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी निश्चल एन झरिया भी सारणी के लिए रवाना हो गए हैं। यूनियन नेता और पुलिस भी खदान और अस्पताल पहुंच गए हैं। एसपी झरिया के अनुसार राहत और बचाव कार्य जारी है। अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।