मध्यप्रदेश-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित ग्राम भोटा में गुरुवार को किसानों ने नेशनल हाईवे फोरलेन निर्माण का विरोध किया। उन्होंने बताया कि भोटा से शिवाजी नगर भोटा फाटे तक चल रहे निर्माण कार्य में किसानों के आवागमन के लिए रास्ता नहीं छोड़ा गया है। वारोली और भोटा क्षेत्र के करीब 70 किसानों की यहां 500 एकड़ कृषि भूमि है। किसान कृष्णा पाटिल ने बताया कि, वे बायपास की मांग कर रहे हैं। रोड का 70 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन किसानों के लिए कोई रास्ता नहीं बनाया गया है। फोरलेन के कारण सड़क ऊंची हो गई है। उन्होंने बताया कि, इससे किसानों को अपने खेतों तक वाहन या बैलगाड़ी से पहुंचने में परेशानी हो रही है। स्कूली बच्चों को भी परेशानी हो रही है। विरोध के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने काम रोक दिया है। उन्होंने किसानों से जनप्रतिनिधियों से लिखित आश्वासन लाने को कहा है। इससे पहले उमरदा में भी ऐसी ही स्थिति बनी थी। तब सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को किसानों के लिए रास्ता बनाने के निर्देश दिए थे। अब भोटा के किसान भी इसी तरह की मांग कर रहे हैं।