विदिशा में 8 मार्च को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। साल की पहली नेशनल लोक अदालत में 11 हजार केस निपटारे के लिए रखे जाएंगे। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जाकिर हुसैन ने गुरुवार को जिला न्यायालय परिसर से प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस लोक अदालत में बिजली से जुड़े मामलों का विशेष निपटारा किया जाएगा। बिजली कंपनी ने बकाया बिल और चोरी के मामलों में समझौता करने वाले उपभोक्ताओं को ब्याज में 100% छूट देने की घोषणा की है। कंपनी की ओर से अब तक 4 हजार 292 प्रकरण चिह्नित किए गए हैं। जिले में 28 खंड पीठों का हुआ गठन
न्यायाधीश हुसैन ने बताया कि हर साल चार नेशनल लोक अदालत आयोजित की जाती हैं। इस बार जिले में 28 खंड पीठों का गठन किया गया है। लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को न्याय दिलाना और आपसी समझौते से विवादों का निपटारा करना है। जागरूकता बढ़ाने के लिए रवाना किए गए प्रचार वाहन अलग-अलग स्थानों पर जाकर लोक अदालत के बारे में जानकारी देंगे।