मूसेवाला-की-मां-बोलीं-जिंदगी-तुम्हारे-बिना-अधूरी:मां-होने-के-नाते-मेरा-दिल-रोज-टूटता-है,-तीन-साल-बाद-भी-न्याय-की-मांग-जारी

पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या को तीन साल होने वाले हैं, लेकिन इस घटना से जुड़ी बहस और विवाद अब भी थमे नहीं हैं। इसी बीच उनकी मां चरण कौर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की, जिसने फिर से सुर्खियां बटोरी हैं। चरण कौर ने अपने बेटे को याद करते हुए लिखा कि मां होने के नाते उनका दिल हर रोज टूटता है। उन्होंने बताया कि सिद्धू के दूर रहने और उनके खो जाने के बाद उनकी हर खुशी और ख्वाहिश खत्म हो गई। उन्होंने यह भी कहा कि अब केवल यही हिम्मत बची है कि जो लोग उनके बेटे को चाहते थे, उनके दिलों में उसकी जगह, प्यार और सम्मान हमेशा बना रहे। चरण कौर बोलीं- जिंदगी तुम्हारे बिना अधूरी
मूसेवाला की मां चरण कौर ने कहा- हमारी जिंदगी तुम्हारे बिना अधूरी है। हमारा मकसद था कि तुम्हारी आवाज तुम्हारे चाहने वालों के बीच गूंजती रहे, ताकि उन्हें तुम्हारी कमी महसूस न हो। लेकिन किस्मत ने ऐसा नहीं होने दिया। आज हमें तुम्हारी मेहनत और सफलता का जवाब तुम्हारी गैरमौजूदगी में देना पड़ रहा है। आज मुझे अपना वो पुराना घर याद आ रहा है जब तुम छोटे थे। तुम मुझसे बातें करते थे कि बड़े होकर क्या बनोगे, और देखो बेटा, जब तुम कामयाब हुए, तो हमारे दुश्मन तुम्हारी जगह की चिंता करने लगे। सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद से पंजाब और देशभर में उनके चाहने वाले लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं। परिवार की ओर से भी बार-बार इस मामले की गहराई से जांच की मांग उठाई गई है। अब मां चरण कौर के इस भावुक संदेश ने एक बार फिर से प्रशंसकों को भावुक कर दिया है। हत्या के बाद की घटनाएं और जांच
29 मई 2022 को मानसा के जवाहरके गांव के पास सिद्धू मूसेवाला की दिनदहाड़े गोलियों से हत्या कर दी गई थी। वारदात में 30 से अधिक गोलियां चलाई गई थीं। इस घटना ने पूरे देश को हिला दिया था। पंजाब पुलिस की जांच में कनाडा में बैठे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का नाम सामने आया, जिसे हत्या का मास्टरमाइंड बताया गया। इसके बाद कई आरोपियों को पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली से गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ पुलिस एनकाउंटर में मारे गए। हत्या के बाद से ही मूसेवाला के माता-पिता लगातार न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं। बलकौर सिंह कई बार विदेशों में रह रहे आरोपियों को भारत लाने की मांग कर चुके हैं। उन्होंने सरकार और जांच एजेंसियों पर भी सवाल उठाए कि मुख्य साजिशकर्ता अभी तक कानून के शिकंजे से बाहर हैं।