गुरुग्राम-में-यूट्यूबर-एल्विश-यादव-के-घर-पर-फायरिंग:एक-दर्जन-से-ज्यादा-राउंड-फायर-कर-भागे-बदमाश,-घर-में-मौजूद-थीं-एल्विश-की-मां

हरियाणा के गुरुग्राम में यूट्यूबर और बिग बॉस ओटीटी फेम एल्विश यादव के घर पर फायरिंग हुई। बाइक सवार बदमाशों ने उनके घर के बाहर दो दर्जन से ज्यादा फायर किए।
मामला सुबह करीब 6 बजे का है। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-56 पुलिस मौके पर पहुंच गई। वारदात के समय एल्विश यादव घर पर मौजूद नहीं थे। वह इस समय विदेश में हैं। फायरिंग के दौरान घर पर केवल उनकी मां और एक केयरटेकर थे। परिवार के मुताबिक, उन्हें पहले किसी तरह की धमकी नहीं मिली थी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि फायरिंग सेक्टर-56 थाना क्षेत्र के एक मकान पर की गई। यह वही मकान है, जिसकी दूसरी मंजिल पर एल्विश यादव रहते हैं। बदमाशों ने घर के पहले मंजिल और ग्राउंड फ्लोर पर गोलीबारी की। बदमाशों की चलाई गई गोलियां एल्विश यादव के घर की बालकनी तक जा लगीं। गनीमत यह रही कि सुबह का समय होने के कारण एल्विश यादव के घर के सदस्य बाहर नहीं थे। इसी वजह से फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ। फिलहाल बदमाशों ने फायरिंग क्यों की, इसकी वजह सामने नहीं आई है। पुलिस की कई टीमें मौके पर जांच में जुटी हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि 3 लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद के PHOTOS क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची
फायरिंग की सूचना के बाद सेक्टर-56 थाना पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की दो टीमें भी मौके पर पहुंची हैं। पुलिस आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस के मुताबिक, हमलावरों की संख्या तीन थी और वे बाइक पर सवार होकर आए थे। जिस तरह से फायरिंग की गई है, उससे शक है कि हमलावर प्रोफेशनल शूटर हैं और किसी बड़े गैंग से जुड़े हो सकते हैं। इस मामले को पुलिस राहुल फाजिलपुरिया केस से भी जोड़कर देख रही है। दरअसल, सुनील सरधानिया और दीपक नांदल ने राहुल फाजिलपुरिया को धमकी दी थी कि उसके करीबियों को एक-एक कर निशाना बनाया जाएगा। इससे पहले उसके परिचित रोहित शौकीन की हत्या भी हो चुकी है। सोशल मीडिया पर फेमस हैं एल्विश
बिग बॉस ओटीटी के विजेता रहे एल्विश यादव सोशल मीडिया पर काफी फेमस हैं। वह अपने वीडियो और पोस्ट की वजह से अक्सर चर्चा में रहते हैं। कुछ समय पहले उन पर नोएडा के एक होटल में हुई पार्टी में सांप का ज़हर सप्लाई कराने का आरोप भी लगा था। इस मामले में हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से एल्विश को राहत मिली थी। कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट में चल रही कार्यवाही पर रोक लगा दी थी। इससे पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उनकी वह याचिका खारिज कर दी थी, जिसमें उन्होंने आरोप पत्र और आपराधिक कार्यवाही को चुनौती दी थी।