सलमान-की-फिल्म-के-डायरेक्टर-पर-हुई-थी-फायरिंग:गैंगस्टर्स-ने-लॉरेंस-डिसूजा-से-मांगी-थी-1.5-करोड़-रुपये-की-फिरौती

1991 में आई फिल्म ‘साजन’ बॉक्स ऑफिस पर हिट रही। इस फिल्म में सलमान खान, संजय दत्त और माधुरी दीक्षित थे। फिल्म को लॉरेंस डिसूजा ने डायरेक्ट किया था। हाल ही में लॉरेंस ने बताया कि एक समय उन्हें अंडरवर्ल्ड गैंगस्टर्स ने टारगेट किया था। 1990 के दशक में लॉरेंस ने कई मिड-बजट फिल्में बनाई, जो मामूली मुनाफा कमाती रहीं, लेकिन जब उन्होंने 2003 में फिल्म ‘इंडियन बाबू’ बनाई, तो गैंगस्टर्स ने उनके घर फोन करके फिरौती की मांग शुरू कर दी। हाल ही में अमर उजाला को दिए इंटरव्यू में लॉरेंस ने बताया कि उस समय नया कार या फ्लैट खरीदना भी खतरे में डाल सकता था। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने 14 लाख रुपए की मित्सुबिशी लांसर कार खरीदी, तो उन्हें लगातार फोन आने लगे। इसके बाद उन्होंने यह कार जल्दी ही मात्र 5 लाख रुपए में बेच दी। लॉरेंस ने बताया कि फिल्म ‘इंडियन बाबू’ उन्होंने लंदन के एक प्रोड्यूसर के लिए बनाई थी, जो अपने बेटे को लॉन्च करना चाहता था। इस फिल्म पर 4 करोड़ रुपए खर्च हुए। लॉरेंस ने कहा कि इसकी जानकारी किसी ने गैंगस्टर्स तक दे दी। जैसे ही वह फिल्म की शूटिंग से लौटे, उन्हें फिरौती के लिए फोन आने शुरू हो गए। लॉरेंस ने बताया, एक दिन जब मैं गाने की एडिटिंग कर रहा था, मुझे कॉल आया। सामने वाले ने कहा, ‘मैं एजाज लकड़वाला बोल रहा हूं।’ मैंने कहा, ‘कौन? मैंने नाम कभी नहीं सुना।’ मैंने सोचा कोई मजाक कर रहा होगा और फोन काट दिया, लेकिन जब मैंने बाद में कॉल वापस किया और गाना सुनाया, तो वह गुस्सा हो गया। इसके बाद एजाज के लोग लॉरेंस का पीछा करने लगे। कुछ हफ्तों बाद जब लॉरेंस अपने ऑफिस के बाहर लॉन में बैठे थे, तो बाइक पर आए एक शख्स ने उन पर दो फायर किए। लॉरेंस ने कहा, मैं ऑफिस के बाहर था, लेकिन गेट पर एक ऐक्रेलिक शीट लगी थी। गोली मुझ तक नहीं पहुंची, शीट और मदर मैरी की मूर्ति पर लगी। गैंगस्टर ने इसके बाद भी घर फोन करना जारी रखा और 1.5 करोड़ रुपए की मांग की। लॉरेंस ने बताया, उन्होंने (गैंगस्टर) कहा कि नादिम से पैसे मांगो। मैंने पूछा – ‘नदीम क्यों देगा? वो तो म्यूजिक डायरेक्टर है। ”
आखिरकार, कुछ समय बाद उसने कॉल करना बंद कर दिया और मामला शांत हो गया।