डिंडौरी में पुलिस ने बुधवार को दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस ने जमुनिया रोड स्थित भर्रा टोला के पास से करीब 10 किलो गांजा बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मढियारास निवासी राधेश्याम राठौर और लोक सिंह धुर्वे के रूप में हुई है। सिटी कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि अनूपपुर जिले से एक बोलेरो गाड़ी (एमपी 21 टीए 0734) में दो लोग गांजा ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भर्रा टोला में घेराबंदी कर गाड़ी को रोका। तलाशी के दौरान गाड़ी से करीब 10 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 1 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।