मध्य प्रदेश अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने 9 मार्च को कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। मोर्चा के अध्यक्ष एमपी द्विवेदी के नेतृत्व में होने वाली इस बैठक में आंदोलन के अगले चरण की रणनीति तय की जाएगी। मोर्चा पदोन्नति, पुरानी पेंशन समेत विभिन्न संवर्गों की 51 मांगों को लेकर पहले ही 4 चरणों का आंदोलन कर चुका है। चौथे चरण में पदाधिकारियों ने तुलसीनगर स्थित आंबेडकर पार्क में धरना दिया था। इस दौरान मुख्यमंत्री सचिवालय के अधिकारियों ने कर्मचारी नेताओं से संपर्क कर जल्द ही मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया था। अधिकारियों ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के बाद मुख्यमंत्री से भेंट और मांगों पर विस्तृत चर्चा का वादा किया था। लेकिन अब तक मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय तय नहीं हुआ है। इससे कर्मचारियों को लग रहा है कि सरकार उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही है। बैठक में मोर्चा के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। इसमें पिछले चारों चरणों के आंदोलन की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श होगा। बैठक के बाद मोर्चा अपनी आगे की कार्ययोजना की घोषणा करेगा।