फिल्मों-में-एक्टिंग-छोड़ने-वाले-थे-मोहम्मद-जीशान-अय्यूब:फिर-‘रईस’-के-सेट-पर-शाहरुख-से-हाथ-मिलाते-ही-‘रांझणा-एक्टर’-ने-बदल-दिया-फैसला

‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’, ‘जन्नत 2’ और ‘रईस’ जैसी फिल्मों में काम कर चुके बॉलीवुड एक्टर मोहम्मद जीशान अय्यूब ने हाल ही में बताया कि वे फिल्मों को छोड़ने का सोच रहे थे, लेकिन शाहरुख खान से एक मुलाकात के बाद उन्होंने अपना फैसला बदल लिया। डिजिटल कमेंट्री को दिए इंटरव्यू में, जीशान ने शाहरुख खान को लेकर कहा, “कुछ तो किया था उस आदमी ने, अंदर से बदल दिया था। जब उन्होंने मुझे देखा तो समझ गए कि बहुत परेशान हूं और मैं था भी। मैं लगभग एक्टिंग छोड़ने की सोच चुका था।” जीशान ने बताया कि बॉलीवुड फिल्मों में उन्हें बार-बार एक जैसे रोल मिल रहे थे। वो एक जैसे किरदार निभाकर बोर हो गए थे। फिर सोचा उन्होंने अगर फिल्में छोड़ना है तो आखिरी फिल्म शाहरुख के साथ होगी। कम से कम रिटायर होने पर उनके साथ एक फिल्म होगी। जीशान ने बताया, “उन्होंने (शाहरुख) हाथ मिलाया तो सच में नेगेटिविटी निकल गई। लगा अब तो बहुत काम करना है। उन्होंने रोक लिया और कहा कि यहां काम कर, सब अच्छा होगा।” बता दें कि रईस का डायरेक्शन राहुल ढोलकिया ने किया था। इसे रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया था। फिल्म में शाहरुख, नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी और पाकिस्तानी एक्ट्रेस माहिरा खान लीड रोल में थे। फिल्म हिट रही थी। जीशान अब अनुराग कश्यप की फिल्म ‘निशांची; में नजर आएंगे। इसमें एक्टर ऐश्वर्य ठाकरे, मोनिका पंवार, वेदिका पिंटो और कुमुद मिश्रा भी अहम किरदारों में हैं। यह फिल्म 19 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं, शाहरुख खान अब सिद्धार्थ आनंद की फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे। इसमें सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, अभय वर्मा, जयदीप अहलावत और सौरभ शुक्ला भी हैं।