दिलजीत-दोसांझ-बोले-इलुमिनाटी-से-नहीं-जुड़ा-हूं:मजाक-में-रखा-था-टूर-का-नाम,-न्यूजीलैंड-शो-में-हाथ-के-साइन-से-शुरू-हुई-अफवाह

बॉलीवुड एक्टर और पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने इलुमिनाटी के साथ उनके कथित संबंधों पर पूरी कहानी साझा की है। बीते साल, दिलजीत के न्यूजीलैंड शो के दौरान उनके एक साइन को लेकर कुछ सोशल मीडिया पेजों पर चर्चा शुरू हो गई थी कि दिलजीत इलुमिनाटी से जुड़े हुए हैं। इस मामले पर दिलजीत ने हाल ही में अमेरिका के लॉस एंजेलेस में एप्पल म्यूजिक स्टूडियो में इंटरव्यू में विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने अपने पिछले वर्ल्ड टूर ‘दिल-ल्यूमिनाटी’ के नाम के पीछे की कहानी भी बताई और कहा कि यह कहानी उतनी ही दिलचस्प है जितना उनका संगीत और सफर। इलुमिनाटी की चर्चाओ से दिल-ल्युमिनाटी टूर का नाम पड़ा
दिलजीत दोसांझ ने बताया कि उनके वर्ल्ड टूर ‘दिल-ल्यूमिनाटी’ का नाम दरअसल इलुमिनाटी से जुड़ी अफवाहों से ही प्रेरित है। उन्होंने कहा कि पिछले साल न्यूजीलैंड में एक शो के दौरान उन्होंने अपने परफॉर्मेंस में एक हाथ का साइन बनाया था, जिसे वह ‘चक्र’ कहते हैं। इस साइन को देखकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैल गई कि वह इलुमिनाटी से जुड़ गए हैं। दिलजीत ने हंसते हुए कहा कि उन्हें उस वक्त इलुमिनाटी के बारे में कुछ पता ही नहीं था। जब लोगों ने मजाक में उन्हें इस विषय पर छेड़ा, तो उन्होंने भी मजाक में अपने टूर का नाम ‘दिल-ल्यूमिनाटी’ रख दिया। यह नाम उन्हें इतना पसंद आया कि उन्होंने इसे रख ही लिया। सरसों के तेल से हुआ था स्वागत
कल यानी मंगलवार को ही दिलजीत एप्पल स्टूडियो पहुंचे थे, जहां उनका स्वागत एक अनोखे अंदाज में किया गया। जैसे ही वह स्टूडियो के अंदर आए, मेजबानों ने पारंपरिक पंजाबी अंदाज में उनके सामने जमीन पर सरसों का तेल गिराकर स्वागत किया। इस दौरान हंसी मजाक और पंजाबी संस्कृति की झलक ने माहौल को बेहद खास बना दिया। इसे लेकर दिलजीत दोसांझ की टीम द्वारा एक वीडियो शेयर किया गया। जिसमें उन्होंने कहा कि यहां पर मेरा स्वागत सरसों का तेल गिराकर किया गया। पंजाबी आर्टिस्ट का सबसे सफल टूर
दिल-ल्यूमिनाटी टूर पंजाबी संगीत के इतिहास में सबसे सफल टूर साबित हुआ। अप्रैल 2024 से शुरू हुए इस सफर में दिलजीत ने भारत, नॉर्थ अमेरिका, यूरोप और मिडल ईस्ट के कई शहरों में शो किए। लाखों फैंस को आकर्षित करने वाले इस टूर ने नॉर्थ अमेरिका में 38 मिलियन डॉलर, भारत में 34.6 मिलियन डॉलर और कुल मिलाकर करीब 137 मिलियन डॉलर का कारोबार किया। यह किसी भी पंजाबी कलाकार के लिए एक अभूतपूर्व उपलब्धि है। अब दिलजीत अपने अगले म्यूजिकल चैप्टर की तैयारी में जुट गए हैं। उन्होंने खुलासा किया कि उनका नया एल्बम Aura 24 सितंबर को रिलीज होगा। इसके साथ ही वह एक बिल्कुल नए और बड़े पैमाने के टूर पर काम कर रहे हैं। इस बार वह अपने पूरे टूर की कमाई प्रोडक्शन में लगाने वाले हैं ताकि शो का स्तर मेनस्ट्रीम पॉप कॉन्सर्ट जैसा हो सके। बता दें कि इस साल की शुरुआत में बिलबोर्ड समिट में टोरंटो मेट्रोपॉलिटन यूनिवर्सिटी (TMU) ने घोषणा की कि 2026 से एक नया कोर्स शुरू होगा, जिसमें दिलजीत दोसांझ के करियर, पंजाबी म्यूजिक डायस्पोरा और ग्लोबल एंटरटेनमेंट में साउथ एशियन प्रतिनिधित्व पर पढ़ाया जाएगा। क्या है इलुमिनाटी और इसके पीछे की कहानी
इलुमिनाटी एक ऐसा नाम है, जो अक्सर रहस्यमयी और गुप्त संगठनों की कहानियों में सुना जाता है। ऐतिहासिक रूप से इसका संबंध 18वीं सदी के अंत में जर्मनी के एक गुप्त समाज से है, जिसका उद्देश्य ज्ञान, तर्क और स्वतंत्र सोच को बढ़ावा देना था। समय के साथ, पॉप कल्चर और साजिश सिद्धांतों में इलुमिनाटी को एक शक्तिशाली गुप्त समूह के रूप में दिखाया जाने लगा। जो कथित तौर पर राजनीति, अर्थव्यवस्था और मनोरंजन जगत को पर्दे के पीछे से नियंत्रित करता है। हालांकि इसके अस्तित्व और प्रभाव को लेकर कोई ठोस प्रमाण नहीं है। लेकिन यह नाम आज भी रहस्य, शक्ति और ग्लैमर का प्रतीक बन चुका है। कई हॉलीवुड सिंगर्स और एक्टर्स का नाम इलुमिनाटी के साथ जोड़ा जाता है।