खिलचीपुर में कैवल्य योग आश्रम दौलाज के तत्वावधान में रविवार को अतिविष्णु यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर नाहरदा मंदिर से एक विशाल कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। सुबह 11 बजे नाहरदा मंदिर से शुरू हुई कलश यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बड़े मेला ग्राउंड तक पहुंची। हजारों महिलाएं सिर पर कलश रखकर यात्रा में शामिल हुईं। हिंदू जागरण मंच और शाखा वीरांगना वाहिनी की बालिकाओं ने तलवारबाजी के करतब दिखाए, जबकि छत्तीसगढ़ से आए कलाकारों ने अपने लोक नृत्य से सभी का मन मोह लिया। आकर्षण झांकियां निकाली गई यात्रा में भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और गरुड़जी की झांकियां निकाली गईं, जो आकर्षण का केंद्र रहीं। संत डॉ. रघुनाथानंद अवधूत जी रथ पर सवार होकर यात्रा में शामिल हुए। नगरवासियों ने चौराहों पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया और फलाहारी खिचड़ी, आइसक्रीम और शरबत का प्रसाद वितरण किया। यात्रा का मार्ग झालावाड़ नाका, तोपखाना गेट, सुभाष चौक, सर्राफा बाजार चौक, पिपली बाजार, पटवा बाजार, दांगी दरवाजा और मंडी रोड से होकर गुजरा। विधायक हजारीलाल दांगी और समिति अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता समेत आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। डेढ़ महीने तक चलेगा यज्ञ अब अगले डेढ़ महीने तक यज्ञ चलेगा। इस दौरान नित्य धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। यज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। देखिए तस्वीरें-