इंदौर के सत्यदेव नगर के कलाकार अक्की नाथ सिसोदिया टीवी और फिल्म जगत में अपनी पहचान बना रहे हैं। वर्तमान में वे दूरदर्शन पर प्रसारित हो रहे धार्मिक धारावाहिक काकभुशुंडि रामायण में मेघनाद की भूमिका निभा रहे हैं। अक्की की विशेषता उनकी भारी आवाज, बड़ी-बड़ी आंखें और लंबे बाल हैं। वे भगवान महाकाल और श्रीराम के भक्त हैं। इससे पहले उन्होंने भगवान परशुराम पर आधारित एक धारावाहिक में रावण का किरदार निभाया था। 2011 से मुंबई में अपने अभिनय के कॅरियर की शुरुआत करने वाले अक्की ने कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। उन्हें महानायक अमिताभ बच्चन के साथ भी फिल्म में काम करने का अवसर मिला है। हाल ही में वे अपने गृह नगर इंदौर आए और यहां से एक शूटिंग के लिए बड़ौदा गए हैं। रामजी के बिना रावण अधूरा यह पूछने पर कि वे काकभुशुंडि रामायण में मेघनाध के किरदार तक कैसे पहुंचे, अक्की बताते हैं कि विश्व प्रसिद्ध रामायण सीरियल बनाने वाले रामानंद सागर के पौत्र शिव सागर काकभुशुंडि रामायण बना रहे हैं। उसी में मेघनाद का रोल मिला है। इसके पहले परशुराम सीरियल किया था, जिसमें रावण की भूमिका निभाई थी। मैंने रावण का किरदार किया या मेघनाद का लेकिन मन में हमेशा भगवान श्रीराम का ही स्मरण किया है, क्योंकि रामजी के बिना रावण अधूरा है। मेरा चेहरा रावण की फैमिली जैसा अक्की बताते हैं कि काकभुशुंडि रामायण में मेघनाद की भूमिका इसलिए मिली क्योंकि मेरी बड़ी आंखें और चेहरा रावण की फैमिली जैसा ही लगता है। जब सागर सर ने कहा कि तु्म्हें मेघनाद का रोल करना है तो मुझे बहुत खुशी हुई। बहुत बड़ी रामायण में एक छोटा-सा किरदार है मेघनाद का, लेकिन बहुत महत्वपूर्ण है। अहिल्या माता के शो में खांडेराव की भूमिका भी निभाई इंदौर में मेरे मित्र कहा करते थे कि भाई तुम्हें मुंबई में होना चाहिए… और मैंने मुंबई की ओर रुख कर लिया। सबसे पहले टीवी सीरियल देवों के देव महादेव सीरियल में मुझे एक रोल मिला था। इंदौर में मैंने एक अहिल्या माता का शो भी किया था, जिसमें खांडेराव की भूमिका निभाई। फिल्मों में रईस मूवी की थी, जिसमें मैंने शाहरुख खान के साथ काम किया। इसमें एक डायलॉग काफी पॉपुलर है- ऐ बैटरी सुनाई नहीं देता क्या, तुझे। दूसरी मूवी रितेश देशमुख के साथ मर जाओ की। तीसरी फिल्म ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ रही, जिसमें मुझे अमिताभ बच्चन के साथ काम करने का अवसर मिला। अक्की करीब 150 धारावाहिकों में कई छोटे-बड़े रोल कर चुके हैं। धारावाहिक कामधेनु में राजा बलि की भूमिका भी निभा रहे हैं। जमाई नंबर वन आदि कई धारावाहिकों में अपनी महत्वपूर्ण उपस्थित दर्ज कराई है। मेहनत कभी खाली नहीं जाती अक्की ने इंदौर के युवाओं के लिए कहा कि मेहनत कभी खाली नहीं जाती, बिना संघर्ष के कोई महान नहीं होता। हमेशा याद रखिए आज नहीं तो कम आपको मुकाम मिलेगा, बस अपना लक्ष्य याद रखें। इंदौर के बहुत से लोगों को मैं फिल्मों लाइन में देखता हूं तो मुझे बहुत खुशी होती है। पहले बहुत कम थे, लेकिन अब हर शो में इंदौर के कलाकार छा रहे हैं।