इंदौर में संस्था संगम ने फागुन मास के पावन अवसर पर एक ऐतिहासिक धार्मिक यात्रा का आयोजन किया। सावेर रोड से करीब 6000 महिलाएं 101 बसों में ओंकारेश्वर ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए रवाना हुईं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने नर्मदा नदी में स्नान किया और मां नर्मदा को 1000 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की। महिलाओं ने ओंकार पर्वत की परिक्रमा की और आटे से बने दीपकों का दीपदान भी किया। यात्रा संरक्षक विधायक रमेश मेंदोला और यात्रा संयोजक पार्षद संध्या राधा किशन जायसवाल, मासूम जायसवाल ने बताया कि यह आयोजन पिछले छह वर्षों से निरंतर हो रहा है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने फागुन के गीत और भजन गाए। पार्षद संध्या जायसवाल ने कहा कि यह यात्रा महिलाओं को सशक्त बनाने और उनकी भक्ति को बढ़ावा देने का माध्यम है। कार्यक्रम में दीपक जैन, मासूम जायसवाल, राजकुमार शर्मा, कल्लू बिंजवा, सतीश यादव, चंदन पाल, राजू मेहरा, सतीश श्रीवास्तव और रोहित बिंजवा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।