राजगढ़ जिले की खुजनेर तहसील के ग्राम चौंडापुरा में प्रशासन ने गुरुवार को वर्षों पुराने अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। गांव से श्मशान तक जाने वाले रास्ते पर बीते 20 वर्षों से झोपड़ियां, तारबंदी और अन्य अवैध कब्जे थे, जिससे अंतिम यात्रा के दौरान ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ती थी। कई बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। इस बार प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के साथ अतिक्रमण हटाने की मुहिम शुरू की। सरपंच गोपाल यादव, राजस्व निरीक्षक सनी गुप्ता, हल्का पटवारी गायत्री कारपेंटर, सहित दो सहयोगी पटवारी कुशाल दांगी एवं भूपेंद्र मेवाड़े और खुजनेर पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से पूरे रास्ते को अतिक्रमण मुक्त किया गया। कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार के विरोध की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। ग्रामीणों ने की प्रशासन की सराहना
गांव के लोगों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना की। ग्रामीण पटेल बनेसिंह यादव, रमेश यादव, डॉक्टर सुरेंद्र यादव सहित अन्य ने कहा कि अब रास्ता पूरी तरह खुल गया है, जिससे अंतिम यात्रा के दौरान किसी को परेशानी नहीं होगी। यह मार्ग लंबे समय से संकीर्ण हो गया था, लेकिन अब यह चौड़ा हो गया है, जिससे गांव के लोगों को बड़ी राहत मिली है। 1 किलोमीटर का रास्ता अतिक्रमण मुक्त
ग्रामवासियों की शिकायतों के बाद निरीक्षण सनी गुप्ता और पटवारी गायत्री कारपेंटर ने खुद खड़े रहकर लगातार दो दिनों तक जेसीबी चलाकर लगभग 1 किलोमीटर के रास्ते को अतिक्रमण मुक्त किया। इस कार्रवाई से गांव के लोग काफी खुश हैं और उन्होंने प्रशासन को धन्यवाद दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता सिर्फ श्मशान जाने के लिए ही नहीं, बल्कि आम आवाजाही के लिए भी महत्वपूर्ण था, लेकिन अवैध कब्जों के चलते काफी दिक्कतें आती थीं।
​​​​​​​ प्रशासन की सख्ती से ग्रामीणों को मिला न्याय
सरपंच गोपाल यादव ने बताया कि गांव में लंबे समय से इस समस्या को लेकर शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन अब जाकर समाधान हुआ है। प्रशासन की इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि अवैध कब्जों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और गांवों में विकास के रास्ते खोले जाएंगे।